रिसाली (भिलाई)।
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस और मदर्स डे के अवसर पर रिसाली के शिव मंदिर प्रांगण, मोहारी मरौदा (बी.आर.पी. चौक) में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। श्री समृद्धि सद्भावना समिति के प्रदेश संरक्षक और आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा तथा प्रदेश अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल की पहल पर हुए इस आयोजन में हजारों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और क्षेत्रवासी शामिल हुए।
इस समारोह ने न केवल क्षेत्र में उत्साह का माहौल बनाया, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों—विशेषकर मातृशक्ति, श्रमिकों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर एक सकारात्मक संदेश भी दिया।
मेधावी छात्रों और मातृशक्ति का बढ़ा मान
कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता समाज के उन वर्गों को मंच देना रहा, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। समिति के प्रयासों से शासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले उन मेधावी बच्चों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। उन्हें प्रमाण पत्र, कॉपी और पेन प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
साथ ही, मातृशक्ति के सम्मान पर केंद्रित इस कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और समाज की सक्रिय महिलाओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया।
मातृशक्ति समाज के विकास का आधार: संजीत विश्वकर्मा
आयोजन के केंद्र में रहे संजीत विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि, “समाज की असली ताकत हमारी माताएं और बहनें हैं। उनका सम्मान ही समाज के विकास का आधार है।” वहीं, समिति की प्रदेश अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल ने कहा कि, “इस तरह के आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को प्रेरणा देते हैं।”
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और भंडारे ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कलाकारों और बच्चों ने गीत, नृत्य और नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजन के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों लोगों ने एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। यह दृश्य सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बन गया।
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष वी. भानु प्रकाश चंद्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा झा, प्रदेश कोषाध्यक्ष मुन्ना बिसेन, प्रदेश सचिव स्वाति तिवारी, लोकसभा महासचिव ज्ञान प्रकाश तिवारी, जिला लोकसभा उपाध्यक्ष मनहरण लाल साहू, महासचिव अजय रामटेके, जिला किसान अध्यक्ष रूपेंद्र चंद्राकर, महिला विंग जिला अध्यक्ष लक्ष्मी निर्मलकर, ब्लॉक अध्यक्ष पुरुषोत्तम सिंह राजपूत, शशि भूषण सिंह और सरस्वती कोसरे मौजूद रहीं।
इनके अलावा बसंती साहू, यूथ जिला उपाध्यक्ष मनोज सिंह, रीता चौधरी, रूबी खान, मालती यादव, लीलावती चौधरी, प्रेमन, पुष्प, कविता साहू, पूनम निर्मलकर, पिंकी चौधरी, राजिम साहू, सुनीता देशलहरा, धर्मशिला और प्रिया तिवारी सहित कई प्रमुख कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।










