-
सीएम ने लाभांडी में सामुदायिक भवन के लिए 70 लाख सहित विभिन्न क्षेत्रों के लिए बजट का किया एलान
✍️ विशेष संवाददाता
रायपुर | छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर का पौधा भी लगाया। मुख्यमंत्री ने समाज को संबोधित करते हुए शिक्षा को प्रगति का मूल मंत्र बताया और कहा कि समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह सभी की साझा जिम्मेदारी है।
शिक्षा और सामाजिक एकता पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और संत गहिरा गुरु जैसे महापुरुषों के दिखाए मार्ग का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि निर्विरोध और सर्वसम्मति से निर्वाचन होना समाज की एकजुटता का प्रमाण है। उन्होंने महाराष्ट्र से आए प्रतिनिधियों का भी स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक और सफल उद्यमी बनना भी है। उन्होंने राज्य में संचालित 17 प्रयास विद्यालयों और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसरों का जिक्र किया।
मोदी की गारंटी और जनकल्याणकारी योजनाएं
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत पूरे किए गए वादों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई है और प्रतिदिन 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। साथ ही, 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को आर्थिक सहायता और तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक को 4000 से बढ़ाकर 5500 रुपए करने जैसी उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जा चुके हैं।
जनजातीय विकास और नक्सलवाद का उन्मूलन
विष्णु देव साय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पद पर विराजमान होने को जनजातीय समाज का गौरव बताया और दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत छत्तीसगढ़ के 6661 गांवों को शामिल किया गया है। बस्तर क्षेत्र का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की इच्छाशक्ति से नक्सलवाद की समाप्ति की दिशा में सफलता मिल रही है। उन्होंने ‘नियद नेल्लानार योजना’ के जरिए बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की भी जानकारी दी।
सामुदायिक भवनों के लिए की 1.55 करोड़ की घोषणा
मुख्यमंत्री ने समाज के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपए से अधिक की सौगात दी। इसमें रायपुर के लाभांडी स्थित भवन के लिए 70 लाख, राजनांदगांव के छुरिया परिक्षेत्र के लिए 25 लाख, तमोरा में सामुदायिक शेड के लिए 10 लाख, खैरझिटी में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख, महासमुंद के नरतोरा के लिए 10 लाख, झलप में भवन निर्माण व जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख और गरियाबंद के जोजरा में भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा शामिल है।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय, कंवर समाज विकास समिति के अध्यक्ष हरवंश सिंह मिरी, पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर, महासचिव शिव कुमार कंवर, कार्यकारी अध्यक्ष थान सिंह दीवान, महिला प्रभाग की अध्यक्ष सविता साय, कोषाध्यक्ष प्रेम सिंह कंवर, आर.के. साय और भीम सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।









