Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

सीएम विष्णु देव साय ने बाबा कर्मेश्वर धाम में किया रुद्राभिषेक, कर्रा के विकास के लिए मंगल भवन की घोषणा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

 

  • कर्रा में मंगल भवन बनाने का किया ऐलान, रामलला दर्शन योजना और बस्तर विकास पर भी की चर्चा

✍️ डिजिटल डेस्क

बलरामपुर | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के राजपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम कर्रा पहुंचे। यहाँ उन्होंने आयोजित श्री महारुद्र यज्ञ एवं शिव पुराण कथा में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने प्राचीन बाबा कर्मेश्वर धाम में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ग्राम कर्रा में मंगल भवन निर्माण कराने की महत्वपूर्ण घोषणा भी की।

आध्यात्मिक विरासत को सहेजने का संकल्प

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ धर्म और संस्कृति की समृद्ध भूमि है। यह माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही है। प्रमुख शक्तिपीठों को धार्मिक कॉरिडोर के रूप में जोड़ने की योजना है, जिससे धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। मुख्यमंत्री ने कथावाचक आचार्य दिव्यानंद महाराज को नमन करते हुए आयोजन समिति को शुभकामनाएं दीं।

रामलला दर्शन और तीर्थ यात्रा में तेजी

योजनाओं की जानकारी देते हुए विष्णु देव साय ने बताया कि श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक लगभग 50 हजार श्रद्धालु अयोध्या जाकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए शुरू की गई तीर्थ दर्शन योजना के तहत देशभर के 19 प्रमुख तीर्थ स्थलों को चुना गया है, जिसका लाभ अब तक लगभग 10 हजार श्रद्धालु उठा चुके हैं।

नक्सलवाद की समाप्ति और बस्तर का विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा कर्मेश्वर के आशीर्वाद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर को नक्सलवाद से मुक्त करने में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में अब विकास का नया वातावरण बन रहा है और सरकार सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्राचीन मान्यताओं का केंद्र है बाबा कर्मेश्वर धाम

ग्राम कर्रा स्थित बाबा कर्मेश्वर धाम की ऐतिहासिकता बताते हुए कहा गया कि यहाँ प्राकृतिक शिवलिंग 9वीं-10वीं शताब्दी से स्थापित है। स्थानीय जनश्रुतियों के अनुसार, सूखे के समय शिवलिंग पर गोबर का लेप लगाने से वर्षा होने की पारंपरिक मान्यता है। वर्तमान में श्री कर्मेश्वर महादेव मंदिर जीर्णाेद्धार समिति द्वारा यहाँ मंदिर का विकास कार्य कराया जा रहा है।


एक पेड़ मां के नाम अभियान में सहभागिता

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंदिर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम 3.0’ अभियान के तहत अपनी माता जसमनी देवी साय के नाम पर रुद्राक्ष का पौधा रोपा। उनके साथ संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने बेल का पौधा लगाया। इस मौके पर विधायक गोमती साय, आईजी दीपक झा, सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow