-
ओम बिरला ने भाई-बहन के अटूट प्रेम को संस्कृति का आधार बताते हुए महिलाओं के अधिकारों और गरिमा की रक्षा का लिया संकल्प
✍️ विशेष संवाददाता
नई दिल्ली | लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पावन पर्व को भारतीय संस्कृति की समृद्धि, पारिवारिक मूल्यों और भाई-बहन के आपसी स्नेह व भरोसे का एक अटूट प्रतीक करार दिया है। बिरला के अनुसार, यह त्योहार महज एक रक्षा-सूत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विश्वास, सम्मान और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने के संकल्प का उत्सव है।
पवित्र रिश्तों और सामाजिक मजबूती का आधार
ओम बिरला ने रेखांकित किया कि भाई-बहन का रिश्ता निस्वार्थ और बिना किसी शर्त के होता है, जो परिवारों को जोड़ने के साथ ही समाज को भी मजबूती प्रदान करता है। उनके संदेश में इस बात पर जोर दिया गया कि जहां भाई अपनी बहन की खुशी और सुरक्षा को अपना प्रमुख दायित्व मानता है, वहीं बहन भी अपने भाई के सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना करती है।
महिला गरिमा और सशक्त राष्ट्र का संकल्प
लोक सभा अध्यक्ष ने इस पर्व के माध्यम से महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्र तभी सशक्त बनेगा जब समाज की हर बेटी और बहन सुरक्षित व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगी। बिरला ने देशवासियों से बेटियों को समान अवसर देने, बुजुर्गों का सम्मान करने और समाज में भाईचारे व एकता की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करने की अपील भी की।









