रायपुर।
रायपुर में बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर लगवाकर घूमने वालों पर आज से सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। आजाद चौक थाना प्रभारी प्रमोद सिंह के नेतृत्व में इन साइलेंसरों पर बुलडोजर चलाया गया, जिसका वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बुलडोजर ने एक के बाद एक करीब डेढ़ दर्जन साइलेंसर को नष्ट कर दिया है।
पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन से संबंधित 1100 से ज्यादा मामलों में लगभग 22 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है। थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 16 मार्च से 30 नवंबर 2024 तक आईजी अमरेश मिश्रा और रायपुर एसएसपी के निर्देश पर एक चेकिंग अभियान चलाया गया।
इस अभियान में शराब पीकर वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा बुलेट चलाने के मामलों में कड़ी कार्रवाई की गई। शराब पीकर गाड़ी चलाने के 40 मामलों में करीब 4 लाख रुपये का जुर्माना लिया गया। मॉडिफाइड साइलेंसर के 18 मामलों में 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही 6 नाबालिग लड़कों को बुलेट चलाते हुए पकड़ा गया, जिनके माता-पिता से 1 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लिया गया।
रायपुर शहर में अक्सर युवक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाकर साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज़ निकालते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। इस मुद्दे को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने कई बार चालान की कार्रवाई की है, लेकिन बुलेट चालक साइलेंसर का उपयोग फिर से करने लगते हैं।










