-
पिथौरा में प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
-
मंडी अधिनियम के तहत जप्त की गई बोरियां
महासमुंद।
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में अवैध धान परिवहन और भंडारण पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में तहसील पिथौरा अंतर्गत ग्राम भुरकोनी (जगदल्ला) में संदिग्ध धान भंडारण की सूचना पर प्रशासनिक टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पिथौरा बजरंग सिंह वर्मा के मार्गदर्शन में 4 नवंबर को गठित जांच दल ने मौके पर पहुंचकर छापामार जांच की। टीम में नायब तहसीलदार पिथौरा ललित सिंह, राजस्व निरीक्षक शिव शंकर ठाकुर और पटवारी विनय कुमार पटेल शामिल थे।
जांच के दौरान ग्राम में स्थित रंगमंच कक्ष में लगभग 300 बोरियों में धान का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने तत्काल स्थल को ताला लगाकर सील कर दिया और सुरक्षित रखरखाव की जिम्मेदारी ग्राम कोटवार को सौंपी। साथ ही मंडी सचिव को भी घटना की सूचना दी गई।
निर्देशानुसार मंडी सचिव एवं उनकी टीम ने मौके पर पहुंचकर मंडी अधिनियम के तहत धान को जप्त किया और आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध भंडारण या परिवहन की किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।









