भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर) ।
नगर निगम भिलाई ने संजय नगर तालाब के पास अवैध रूप से चल रहे 10 कार वॉशिंग सेंटरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। इन सेंटरों द्वारा नगर निगम के पीने के पानी के नल कनेक्शनों का अवैध रूप से उपयोग किया जा रहा था, जिससे स्थानीय निवासियों को पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही, इन सेंटरों के कारण क्षेत्र में ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा था और दुर्घटनाएं भी हो रही थीं।
नगर निगम की जांच और कार्रवाई
नगर निगम भिलाई के जोन 01 के जोन आयुक्त अजय सिंह राजपूत और कार्यपालन अभियंता अखिलेश चंद्राकर के नेतृत्व में निगम दल ने इन अवैध कार वॉशिंग सेंटरों का निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि सेंटरों द्वारा नगर निगम के सप्लाई वाटर पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन जोड़कर पानी का दुरुपयोग किया जा रहा था। ये सेंटर रोजाना औसतन 100 से अधिक गाड़ियों की धुलाई कर रहे थे, जबकि इस क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या गंभीर थी।
स्थानीय निवासियों की परेशानी
स्थानीय निवासी मोहनलाल गुप्ता और अन्य ने बताया कि 40 वर्षों से अधिक समय से इस क्षेत्र में रह रहे लोग पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि एक ओर जहां पानी की कमी थी, वहीं दूसरी ओर ये कार वॉशिंग सेंटर पीने के पानी का इस्तेमाल गाड़ियों की धुलाई में कर रहे थे।
नल कनेक्शन काटे गए, मशीन जप्त
नगर निगम ने अवैध नल कनेक्शन का विछेदन किया और कार वॉशिंग मशीनों को जप्त किया। इसके साथ ही, इन सेंटरों के संचालकों को चेतावनी दी गई कि यदि पुनः ऐसी गतिविधियाँ पाई जाती हैं तो कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटनाओं का सिलसिला और आगे की कार्यवाही
पूर्व में हुई भारी बारिश के बाद सुपेला घड़ी चैंक के पास जलभराव के कारण दुर्घटनाएँ भी हुई थीं। नाले के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके। बढ़ती जनसंख्या और अवैध कब्जों के कारण नाले की चौड़ाई कम थी, जिस कारण सफाई कार्य में दिक्कतें आ रही थीं। नगर निगम द्वारा अवैध कब्जाधारियों से कब्जे हटाने के लिए नोटिस भी दिए गए थे।
नगर निगम का अपील
नगर निगम भिलाई ने नागरिकों से अपील की है कि कर्मा चैंक से टाटा मोटर्स तक बने नाले के ऊपर अवैध कब्जे स्वयं से हटा लें, ताकि नाले की सफाई कार्य सुचारू रूप से किया जा सके। निगम ने चेतावनी दी है कि यदि कार्यवाही की आवश्यकता पड़ी तो और नुकसान हो सकता है।
कार्यवाही के दौरान शामिल अधिकारी
कार्यवाही के दौरान सहायक अभियंता बंसत साहू, जोन राजस्व अधिकारी प्रसन्न तिवारी, राजस्व निरीक्षक शंशांक शेखर, तोड़फोड़ दस्ता प्रभारी हरिओम गुप्ता, अनिल, राजेश गुप्ता, राजेन्द्र सिंह, मंगल कुर्रे, विष्णु सोनी आदि मौजूद रहे।









