Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

जातिसूचक पोस्ट विवाद पर भड़के अरुण साव, बोले- जहां भूपेश वहां कांग्रेस की दुर्दशा तय है

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं


रायपुर।

छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस समर्थक की विवादित जातिसूचक पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि जहां पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे, वहां कांग्रेस की दुर्दशा तय है।

साव ने इस बात पर जोर दिया कि छत्तीसगढ़ भाईचारा का प्रदेश है और किसी को भी सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि रायपुर ग्रामीण विधायक ने इस मामले की शिकायत थाने में की है।

विवादित पोस्ट पर भाजपा प्रतिनिधिमंडल की शिकायत

जानकारी के मुताबिक, ‘भूपेश है तो भरोसा है’ नामक फेसबुक आईडी से एक जातिसूचक और निंदनीय पोस्ट की गई थी। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल सिविल लाइन थाने पहुंचा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। भाजपा विधायक मोतीलाल साहू और शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को शिकायत सौंपी।

भाजपा का कहना है कि कांग्रेस समर्थकों के इस पोस्ट से साहू समाज और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का अपमान हुआ है। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मांग की है कि इस फेसबुक आईडी को तत्काल ब्लॉक किया जाए और दोषियों को गिरफ्तार किया जाए।

बिहार चुनाव और भूपेश की भूमिका पर तंज

डिप्टी सीएम साव ने बिहार चुनाव के लिए भूपेश बघेल को स्टार प्रचारक बनाए जाने पर भी कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति बिहार में सब जानते हैं। वे क्षेत्रीय दल के एक छोटे सहयोगी दल के रूप में चुनाव लड़ रही है। साव ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के अंदरूनी झगड़े और कमजोर नेतृत्व की वजह से वहां कांग्रेस की दुर्दशा तय है। उन्होंने दोहराया, जहां भूपेश हैं, वहां कांग्रेस की दुर्दशा तय है।

राज्योत्सव में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी

एक अन्य महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, डिप्टी सीएम साव ने पुष्टि की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छत्तीसगढ़ के राज्योत्सव में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राज्य की स्थापना दिवस हमारे लिए गर्व का क्षण है। यह राज्योत्सव इसलिए भी खास है, क्योंकि यह राज्य के रजत जयंती वर्ष में मनाया जा रहा है।

साव ने बताया कि पीएम मोदी का आना अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनका आशीर्वाद हम सभी को मिलेगा। दिनभर उनके कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। पीएम मोदी सत्य साईं हॉस्पिटल विजिट करेंगे। वे ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विद्यालय के नवीन भवन, विधानसभा के नवीन भवन और ट्राइबल म्यूजियम का भी लोकार्पण करेंगे। शाम को वे राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। साव ने विश्वास जताया कि लाखों की संख्या में लोग सुदूर अंचलों से भी पीएम मोदी को सुनने आएंगे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow