-
जिला प्रशासन की पहल अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट ने संवारी ग्रामीण युवा की राह
✍️ विशेष संवाददाता
प्रेमनगर | प्रेमनगर विकासखंड के छोटे से गांव दुर्गापुर निवासी अनुक साय ने अपनी मेहनत और जिला प्रशासन के सहयोग से बड़ी सफलता हासिल की है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा की बाधाओं को पार करते हुए थाना बचेली में सब इंस्पेक्टर के पद पर पदस्थ होकर अपना लक्ष्य प्राप्त किया है। अनुक साय की इस उपलब्धि में जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ) के सहयोग से संचालित अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। यह संस्थान जिले के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराकर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे विद्यार्थियों को विशेष अवसर प्रदान कर रहा है।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के शुरुआती दौर में अनुक साय को सही दिशा और मार्गदर्शन के अभाव में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट से जुड़ने के बाद नियमित कक्षाओं और अनुशासित शैक्षणिक वातावरण ने उनकी तैयारी को व्यवस्थित किया। संस्थान के शिक्षकों ने विषयों के बेसिक कांसेप्ट को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया, जिससे कठिन विषय भी आसान हो गए। नियमित टेस्ट सीरीज, डाउट क्लियरिंग और व्यक्तिगत मार्गदर्शन ने उनकी तैयारी को वह मजबूती दी, जिससे वे पुलिस सेवा के लिए चयनित होकर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन करने में सफल रहे।
अनुक साय की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि बेहतर मंच और निरंतर मार्गदर्शन मिले, तो ग्रामीण प्रतिभाएं शानदार परिणाम दे सकती हैं। अरुणोदय करियर इंस्टीट्यूट आज अनेक विद्यार्थियों के लिए तैयारी और लक्ष्य के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रहा है। अपनी सफलता पर अनुक साय ने जिला प्रशासन और जिला खनिज न्यास निधि के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अन्य युवाओं के लिए संदेश दिया है कि मेहनत के साथ निरंतरता और धैर्य बनाए रखने तथा सही मार्गदर्शन से किसी भी कठिन शुरुआत को सफलता में बदला जा सकता है।









