नई दिल्ली (ब्यूरो)।
भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने आज (1 फरवरी, 2026) राष्ट्रपति भवन स्थित ऐतिहासिक अमृत उद्यान के शीतकालीन वार्षिक संस्करण 2026 के उद्घाटन समारोह को सुशोभित किया। प्रकृति प्रेमियों के लिए यह उद्यान 3 फरवरी से 31 मार्च, 2026 तक खुला रहेगा। इस बार सबसे बड़ा बदलाव टिकट बुकिंग को लेकर किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौके पर (On-spot) टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।
सिर्फ ऑनलाइन मिलेगी एंट्री, काउंटर बंद
आगंतुकों की सुविधा और अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इस वर्ष बड़ा निर्णय लिया गया है। पर्यटक केवल ऑनलाइन माध्यम से ही टिकट बुक कर सकते हैं। उद्यान में प्रवेश निःशुल्क है, लेकिन ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। बुकिंग आधिकारिक वेबसाइट https://visit.rashtrapatibhavan.gov.in/ पर की जा सकती है। किसी विशेष दिन के लिए बुकिंग पिछले दिन सुबह 10:00 बजे बंद हो जाएगी, इसलिए पर्यटकों को अपना स्लॉट पहले से बुक करने की सलाह दी गई है।
सप्ताह में 6 दिन खुला रहेगा उद्यान
लोग सप्ताह में छह दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक उद्यान का भ्रमण कर सकते हैं, हालांकि अंतिम प्रवेश शाम 5 बजे दिया जाएगा।
-
अवकाश: उद्यान प्रत्येक सोमवार (रखरखाव के लिए) और 4 मार्च (होली) को बंद रहेगा।
-
प्रवेश द्वार: सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश और निकास गेट नंबर 35 (नॉर्थ एवेन्यू के पास) से होगा।
इन तारीखों पर मिलेगा विशेष श्रेणियों को प्रवेश
आम जनता के अलावा, कुछ दिन विशेष समूहों के लिए आरक्षित रखे गए हैं:
-
3 मार्च: रक्षा कर्मियों के लिए
-
5 मार्च: वरिष्ठ नागरिकों के लिए
-
10 मार्च: महिलाओं और आदिवासी महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए
-
13 मार्च: दिव्यांगजनों के लिए
मेट्रो स्टेशन से मिलेगी मुफ्त शटल सेवा
पर्यटकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से गेट नंबर 35 तक मुफ्त शटल बस सेवा उपलब्ध रहेगी। यह सेवा सुबह 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे के बीच हर 30 मिनट पर चलेगी।
इस बार क्या है खास?
इस वर्ष आगंतुक ट्यूलिप और विभिन्न प्रकार के गुलाबों के अलावा, ‘कलकल बहती धारा’ (झरनों वाली जलधारा) और ‘रिफ्लेक्सोलॉजी पथों’ वाला बरगद उद्यान भी देख सकेंगे। भ्रमण मार्ग बाल वाटिका से शुरू होकर पल्मेरिया गार्डन, बरगद गार्डन, बोन्साई गार्डन, केंद्रीय लॉन, लंबा गार्डन होते हुए गोलाकार गार्डन तक जाएगा।
क्या ले जा सकते हैं साथ?
आगंतुक अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स/हैंडबैग, पानी की बोतलें और शिशुओं के लिए दूध की बोतलें ले जा सकते हैं। मार्ग में पीने का पानी, शौचालय और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।






