



जशपुर।
जशपुर पुलिस ने सरबकोंबो के पास रोड निर्माण में लगे PWD विभाग के शासकीय रोलर की चोरी कर झारखंड में कबाड़ में बेचने वाले मुख्य आरोपी मो. तनवीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने सहयोगी की मदद से क्रेन और ट्रक के माध्यम से रोलर को उठाकर झारखंड ले जाकर कबाड़ में बेच दिया था।
प्रकरण की शुरुआत तब हुई जब प्रार्थी रामदास राम, जो वर्ष 1998 से शासकीय रोलर DRR-23740 को चलाते आ रहे हैं, ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रामदास ने बताया कि 12 अप्रैल 2024 को उन्होंने रोलर को सरबकोंबो के पास खराब होने पर रोड किनारे खड़ी कर दी थी। 5 अप्रैल 2024 को जब उन्होंने वहां जाकर रोलर देखा, तो वह गायब था। ग्रामवासियों से पूछने पर ज्ञात हुआ कि पीले रंग की क्रेन हाईड्रा से रोलर को उठा लिया गया था। इस पर थाना बगीचा में धारा 379 भा.द.वि. के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी
जशपुर पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले में कार्रवाई के लिए विशेष टीम का गठन किया और सायबर सेल को भी जांच में शामिल किया। जांच के दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि मो. तनवीर अंसारी घटना के दौरान अंबिकापुर, कुनकुरी और नारायणपुर क्षेत्र में क्रेन की आवश्यकता के बारे में पता कर रहा था। इस आधार पर पुलिस टीम ने मो. तनवीर की तलाश शुरू की, लेकिन वह लंबे समय से अपने घर नहीं जा रहा था। अंततः सायबर सेल से जानकारी मिलने पर उसे रायपुर से गिरफ्तार कर थाना बगीचा लाया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक क्र. JH 09 BB 8305 में धान लोड करने अंबिकापुर गया था। लौटते समय उसे सरबकोंबो के पास खड़ा शासकीय रोलर दिखा, जिसे उसने क्रेन की मदद से ट्रक में लोड कर आरा, सकरडेगा होते हुए झारखंड ले जाकर कबाड़ में बेच दिया। इस बिक्री से आरोपी को कुल 30 हजार रुपये मिले, जिसमें से 3 हजार रुपये को पुलिस ने जब्त कर लिया है। घटना में प्रयुक्त ट्रक को फाइनेंस कंपनी द्वारा किस्त न चुकाने पर कब्जे में ले लिया गया है।
झारखंड पुलिस भी कर रही थी तलाश
झारखंड पुलिस भी आरोपी मो. तनवीर अंसारी की तलाश कर रही थी, जिसे अब जशपुर पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में अन्य 4 आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया, “शासकीय रोलर चोरी के मामले में मुख्य आरोपी मो. तनवीर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के संबंध में झारखंड पुलिस से संपर्क कर अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं। शेष फरार आरोपियों की सघन पतासाजी की जा रही है।”
पुलिस अधीक्षक
शशि मोहन सिंह
टीम का योगदान
इस विवेचना कार्यवाही और आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक रामसाय पैंकरा, स.उ.नि. भुनेष्वर भगत, स.उ.नि. नसरूद्दीन अंसारी और आरक्षक 685 मुकेश पाण्डेय का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।





