



नई दिल्ली।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के नतीजों की देखरेख के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है। महाराष्ट्र में पार्टी नेताओं अशोक गहलोत, भूपेश बघेल और जी. परमेश्वर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, झारखंड में तारिक अनवर, मल्लू भट्टी विक्रमार्क और कृष्णा अल्लावुरु को बतौर पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
महाराष्ट्र में एक चरण में हुआ मतदान
महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव 20 नवंबर (बुधवार) को एक ही चरण में सम्पन्न हुए। राज्य की सभी 288 सीटों पर 66.05% मतदान दर्ज किया गया, जबकि 2019 में यह आंकड़ा 61.44% था। इस बार मुख्य मुकाबला महायुति और महाविकास अघाड़ी गठबंधन के बीच माना जा रहा है।
झारखंड में दो चरणों में हुआ मतदान
झारखंड विधानसभा चुनाव दो चरणों में कराए गए थे। पहले चरण में 13 नवंबर को 43 सीटों पर मतदान हुआ, जिसमें कुल 66.65% लोगों ने हिस्सा लिया। दूसरे चरण का मतदान 20 नवंबर (बुधवार) को हुआ, जिसमें 12 जिलों की 38 सीटों पर 68.95% मतदान दर्ज किया गया। 2019 के मुकाबले झारखंड में इस बार दोनों चरणों में अधिक मतदान हुआ है। पहले चरण में 2.9% और दूसरे चरण में 2.01% की वृद्धि दर्ज की गई है। झारखंड में मुख्य मुकाबला झामुमो के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के बीच है।





