बिलासपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर 15 लाख रुपये ठगने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार
OM Darpan
Dec 04, 2024 08:01 am
180 views
04 Dec 2024
बिलासपुर।
एक सनसनीखेज मामले में, सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर एक युवती को धोखा देने वाला आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। आरोपी ने युवती से शादी का वादा किया और फिर शारीरिक शोषण कर उसकी अश्लील तस्वीरों और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करते हुए 15 लाख रुपये ठग लिए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शुभम भापकर (26 वर्ष) को पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। यह मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।
पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी मुलाकात आरोपी शुभम भापकर से हुई थी। शुभम ने पहले मोबाइल नंबर पर बातचीत शुरू की और फिर अपनी नजदीकियां बढ़ाईं। एक दिन उसने शादी का वादा कर युवती को होटल में बुलाया और शारीरिक संबंध बनाए। बाद में उसने उस घटना का वीडियो और फोटो बनाकर युवती को ब्लैकमेल किया।
आरोपी ने युवती से कहा कि यदि वह शादी नहीं करती है तो वह वीडियो और तस्वीरें वायरल कर देगा। इस डर से युवती ने आरोपी को लगभग 15 लाख रुपये उसके बैंक खाते में भेजे। पीड़िता ने पुलिस को सारी घटना की जानकारी दी और शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से आरोपी का लोकेशन पुणे, अहमदनगर में ट्रेस किया गया। एक पुलिस टीम पुणे भेजी गई, जिसने आरोपी को एक होटल से गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी शुभम भापकर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन