मरीन ड्राइव पर अचानक रुकी मुख्यमंत्री की गाड़ी, दीये बेचने वाली महिला के स्वावलंबन को किया सलाम
OM Darpan
मुख्यमंत्री ने तेलीबांधा में महिला विक्रेता से की सीधी चर्चा, योजनाओं के लाभ और परिवार की स्थिति की ली जानकारी
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का काफिला अचानक रुक गया। मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे पसरा लगाकर मिट्टी के दीये बेच रही मीरा से मुलाकात की और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए एक दीया खरीदा। मुख्यमंत्री ने इसके बदले महिला को एक हजार रुपए का भुगतान किया।
बिना किसी औपचारिकता के मुख्यमंत्री ने मीरा से उसके कामकाज और परिवार का हालचाल पूछा। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभ के बारे में जानकारी ली। मीरा ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत उसका बैंक खाता खुल चुका है और महतारी वंदन योजना के जरिए उसे हर महीने एक हजार रुपए की राशि मिल रही है।
हितग्राही के खाते में सीधे पहुंच रही राशि
महिला से योजनाओं का फीडबैक मिलने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं तभी सार्थक हैं, जब उनका लाभ जरूरतमंद तक सीधे पहुंचे। प्रधानमंत्री जनधन योजना ने गरीबों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक समावेशन का आधार तैयार किया है। इसी तरह महतारी वंदन योजना से महिलाओं में आर्थिक आत्मविश्वास बढ़ रहा है।
स्थानीय कारीगरों के श्रम को संबल देने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क किनारे पसरा लगाने वाले छोटे विक्रेता, कुम्हार और शिल्पकारों के परिश्रम में ही आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की शक्ति है। स्थानीय उत्पादों को अपनाना केवल खरीद नहीं, बल्कि किसी परिवार के श्रम और आत्मसम्मान को संबल देना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करें।
मुख्यमंत्री द्वारा खरीदा गया यह दीया ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का हिस्सा बनेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। यह अभियान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का अवसर है। इस दौरान विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
जरूरी खबरें
विज्ञापन