कवर्धा।
युवा कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मीत यादव ने कवर्धा में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर भाजयुमो नेताओं द्वारा किए गए हमले की कड़ी निंदा की है। यादव ने तत्काल हमलावरों की गिरफ्तारी और जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे।
लोकतांत्रिक विरोध पर हमला
मीत यादव ने बताया कि भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिया पर उनके चाचा और अनुसूचित जाति की नाबालिग बहन ने शोषण एवं उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। इन्हीं आरोपों पर न्याय दिलाने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कवर्धा में युवा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक ढंग से पुलिस की मौजूदगी में राहुल टिकरिया को काला झंडा दिखाकर विरोध जता रहे थे।
पुलिस की भूमिका पर सवाल
यादव के अनुसार, विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल टिकरिया के साथ मौजूद भाजयुमो के लोगों ने अभद्रता की सारी हदें पार कर दीं। उन्होंने अपनी गुंडई का प्रदर्शन करते हुए शांतिपूर्ण विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं को मां-बहन की गंदी-गंदी गालियां दीं और उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर मारा। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। मीत यादव ने आरोप लगाया कि यह सब सत्ता के संरक्षण में हो रहा है।
कांग्रेस की चेतावनी और मांगें
युवा कांग्रेस की मांग है कि भाजयुमो नेताओं के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किए जाएं और जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई हो। यदि ऐसा नहीं हुआ तो सरकार के मंत्रियों एवं भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ पूरे प्रदेश में उग्र प्रदर्शन किए जाएंगे।
भाजपा पर चुप्पी का आरोप
युवा कांग्रेस ने भाजपा से सवाल किया है कि राहुल टिकरिया पर लगे आरोपों पर वह मौन क्यों है। साथ ही यह भी पूछा कि राहुल टिकरिया महिला आयोग के सामने उपस्थित होकर अपना पक्ष क्यों नहीं रख रहे हैं।









