



नई दिल्ली।
देश में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनावों के बीच कुछ राज्यों में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब की चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय है। AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल खुद चुनावी अभियान को मजबूती से संभाल रहे हैं और फ्री बिजली के मुद्दे को एक बार फिर जनता के बीच उठा रहे हैं। अगले साल दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि क्या मुफ्त बिजली और पानी का मुद्दा एक बार फिर केजरीवाल के लिए चमत्कार साबित होगा।
पंजाब की चार सीटों पर उपचुनाव
पंजाब की चार विधानसभा सीटों – गिद्दरबाहा, डेरा बाबा नानक, चब्बेवाल और बरनाला – पर उपचुनाव 20 नवंबर को होंगे और मतगणना 23 नवंबर को होगी। अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पंजाब के चब्बेवाल में आगामी उपचुनाव को लेकर रैली की। इस रैली में उन्होंने कहा, “हमने आपके लिए बहुत काम किया है।” उन्होंने जनता से सवाल किया, “2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले बिजली के बिलों का बोझ आप सब पर था। हमने वादा किया था कि हम आपके बिजली के लंबित बिल माफ करेंगे और मुफ्त बिजली देंगे। बताइए, हमने वादा पूरा किया या नहीं?”
दिल्लीवालों को भी मुफ्त बिजली की याद
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली का राजनीतिक पारा भी चढ़ा हुआ है। अरविंद केजरीवाल दिल्ली के हर गली और कॉलोनी के लोगों से मिल रहे हैं और पदयात्राओं के जरिए जनता से जुड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हाल ही में एक पदयात्रा के दौरान केजरीवाल ने लोगों से भारतीय जनता पार्टी (BJP) को वोट नहीं देने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि अगर बीजेपी सत्ता में आई तो वह ‘आप’ सरकार की मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और महिलाओं के लिए बस यात्रा की योजनाओं को बंद कर देगी।
पानी के बिल माफ करने का वादा
केजरीवाल ने दिल्ली में पानी के बढ़े हुए बिलों को माफ करने का भी वादा किया था। उन्होंने लोगों से आम आदमी पार्टी को वोट देने और उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाने की अपील की। उन्होंने कहा, “फरवरी 2025 में चुनाव होंगे। मैं मार्च में इन बढ़े हुए बिलों को माफ कर दूंगा।”
22 लाख परिवारों का बिजली बिल शून्य दिल्ली सरकार ने इस साल मार्च में दावा किया था कि दिल्ली के 22 लाख परिवारों को 200 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है और इन परिवारों का बिजली बिल शून्य आता है। लाखों लोगों को इस नीति से फायदा हो रहा है, फिर भी विरोधी इसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं। AAP ने कहा था कि पिछले साल भी सब्सिडी को रोकने के प्रयास किए गए थे, और इस साल भी ऐसी कोशिशें हुईं। लेकिन ‘आप’ सरकार ने जनता से किए गए वादों को निभाया है और सब्सिडी जारी रखी है।
महिलाओं को पसंद आ रही है फ्री बस सेवा
2019 में भाई दूज के अवसर पर दिल्ली सरकार ने बसों में महिलाओं के मुफ्त सफर की योजना शुरू की थी, जिसे जबर्दस्त समर्थन मिला है। योजना की शुरुआत से अब तक 150 करोड़ से ज्यादा महिलाएं डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा कर चुकी हैं। इस योजना से महिलाओं में सार्वजनिक परिवहन का उपयोग बढ़ा है और बसों में सफर करने वाली महिलाओं की संख्या में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।





