बलरामपुर के बुजुर्ग किसान के लिए वरदान बनी सरकारी योजना, 15 लाख का कैंसर इलाज हुआ बिल्कुल मुफ्त
OM Darpan
मल्टीपल मायलोमा से पीड़ित राजेंद्र प्रसाद का रायपुर के बालको अस्पताल में हुआ सफल उपचार, शासन ने वहन किया पूरा खर्च।
✍️ ओम दर्पण ब्यूरो
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के ग्राम पस्ता निवासी 63 वर्षीय राजेंद्र प्रसाद के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना जीवनदायिनी साबित हुई है। मल्टीपल मायलोमा जैसे गंभीर कैंसर से जूझ रहे इस छोटे जोत के किसान का रायपुर के बालको अस्पताल में करीब 15 लाख रुपये का पूरा उपचार बिना किसी खर्च के पूरा हुआ है।
राजेंद्र प्रसाद को फरवरी 2026 में तेज कमर दर्द की शिकायत हुई थी। अंबिकापुर में शुरुआती उपचार के बाद भी जब राहत नहीं मिली, तो परिजन उन्हें रायपुर के बालको अस्पताल ले गए। वहां गहन जांच के बाद डॉक्टरों ने मल्टीपल मायलोमा नामक कैंसर की पुष्टि की। कैंसर की खबर और इसके इलाज में आने वाले करीब 15 लाख रुपये के खर्च ने किसान परिवार के सामने गहरा आर्थिक संकट खड़ा कर दिया था।
योजना से मिली नई जिंदगी
भारी-भरकम खर्च और संसाधनों की कमी के बीच मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना राजेंद्र प्रसाद के लिए सहारा बनी। इस योजना के माध्यम से सहायता की मंजूरी मिलते ही अस्पताल में उनका उपचार शुरू किया गया। 15 लाख रुपये का पूरा खर्च शासन द्वारा वहन किया गया, जिससे परिवार को अपनी जेब से एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ा।
उपचार के बाद राजेंद्र प्रसाद अब पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने गांव लौट आए हैं। उन्होंने शासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यदि यह योजना नहीं होती, तो परिवार पर कर्ज का बड़ा बोझ आ जाता। सरकारी मदद ने उन्हें न केवल बीमारी से मुक्ति दिलाई, बल्कि उनके परिवार को आर्थिक बर्बादी से भी बचा लिया।
जरूरी खबरें
विज्ञापन