pm kisan portal में खराबी की खबरें निराधार, ई-केवाईसी का काम जारी
OM Darpan
महासमुंद। pm kisan portal पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत संचालित पोर्टल निरंतर चालू है और इसमें किसी प्रकार की तकनीकी दिक्कत नहीं है। महासमुंद जिले में 24 सितम्बर को पोर्टल में खराबी आने की जो खबरें सामने आई थीं, वे पूरी तरह निराधार हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार समय-समय पर पोर्टल में सुधार कार्य होने के कारण भारत सरकार द्वारा कुछ समय के लिए सर्वर डाउन किया जाता है। सर्वर डाउन की इस प्रक्रिया को पोर्टल की खराबी मानना गलत है।
पात्रता के लिए ये हैं अनिवार्य नियम
योजना के तहत केवल वही किसान पात्रता की श्रेणी में आते हैं, जिनके नाम 01 फरवरी 2019 के पूर्व भू-स्वामी के रूप में दर्ज हैं। इसके अलावा किसान की मृत्यु के उपरांत भू-स्वामी बनने वाले कृषक ही इस योजना के लिए पात्र माने जाते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपसी बंटवारा और नवीन भूमिधारक कृषक अपात्र की श्रेणी में रखे गए हैं। पात्र किसानों को ही योजना का लाभ देने के लिए इन नियमों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है।
डोर-टू-डोर किया जा रहा ई-केवाईसी
वर्तमान में ई-केवाईसी का कार्य ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा व्हीएनओ आईडी के माध्यम से निरंतर किया जा रहा है। इसके लिए जिलों में विशेष शिविरों का आयोजन हो रहा है।
अधिकारी घर-घर जाकर भी किसानों का ई-केवाईसी पूर्ण कर रहे हैं। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
जरूरी खबरें
विज्ञापन