रायपुर।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा महाकुंभ को ‘मृत्युकुंभ’ कहे जाने पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे सनातन धर्मावलंबियों का घोर अपमान बताते हुए कहा कि ममता बनर्जी का यह बयान उनकी भ्रमित मानसिकता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, “विनाश काले विपरीत बुद्धि! जब व्यक्ति के पतन का समय आता है, तो उसकी बुद्धि भ्रमित हो जाती है। महाकुंभ करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का केंद्र है, जहां 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालु स्नान कर पुण्य अर्जित करते हैं। इसे ‘मृत्युकुंभ’ कहना अहंकार और अज्ञानता का प्रतीक है।”
यह करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं का अपमान
एक राष्ट्रीय समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ममता बनर्जी के बयान को सनातन धर्म और उसकी परंपराओं का अपमान करार दिया। उन्होंने कहा, “यह न केवल सनातन धर्म का अनादर है, बल्कि उन करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करने का कुत्सित प्रयास भी है, जो आस्था के इस महासंगम में शामिल होते हैं।”
देशभर में आक्रोश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महाकुंभ मात्र एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का जीवंत उदाहरण है। इतिहास गवाह है कि महाकुंभ के दौरान समाज में बौद्धिक और आध्यात्मिक क्रांति आई है। ऐसे पवित्र आयोजन को अपमानजनक संज्ञा देना निंदनीय और अस्वीकार्य है।







