रायपुर।
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाले में जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। सीबीआई के बाद अब इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की एंट्री हो चुकी है। पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी से रिमांड अवधि के दौरान मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से सघन पूछताछ की जाएगी। इस कार्रवाई के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा सरकार करप्शन के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
कांग्रेस शासन में हुआ छात्रों के भविष्य से खिलवाड़
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में प्रदेश के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से सीजीपीएससी घोटाले की निष्पक्ष जांच का जो वादा किया था, सरकार उसे पूरा कर रही है। जो भी दोषी पाए गए हैं, उन पर कानून का शिकंजा कस रहा है। सीएम ने दोहराया कि भाजपा एक सिद्धांतवादी पार्टी है और हम केवल जनता व देश की सेवा के संकल्प के साथ सत्ता में आते हैं।
नैतिकता के आधार पर धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा के लिए देश हमेशा सर्वोपरि रहा है। धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिकता के आधार पर अपना पद छोड़ा है। साय ने याद दिलाया कि प्रधान छत्तीसगढ़ प्रदेश के संगठन प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वहीं, प्रधानमंत्री मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में छत्तीसगढ़ का जिक्र होने पर सीएम ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पीएम ने ‘कैच द रैन’ अभियान में अपनी पहचान बनाने वाले कोरबा जिले की सराहना की है, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है।









