Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

रक्षाबंधन पर ‘विष्णु भैया’ की बड़ी सौगात: छत्तीसगढ़ की 67 लाख महतारियों के खाते में आए 631 करोड़, बालोद को मिला 102 करोड़ का विकास प्रोजेक्ट

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  • मुख्यमंत्री ने बालोद के डौंडीलोहारा में 67 लाख माताओं-बहनों को दी बड़ी खुशखबरी

  • 102 करोड़ के विकास कार्यों का भी किया शिलान्यास

✍️ डिजिटल डेस्क रिपोर्टर
बालोद |
भाई-बहन के अटूट स्नेह के पावन पर्व रक्षाबंधन से पहले आज बालोद जिले के डौंडीलोहारा में एक आत्मीय और भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। प्रदेश की लाखों बहनों के ‘विष्णु भैया’ यानी मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन सम्मान समारोह में प्रदेश की 67 लाख से अधिक माताओं-बहनों के बैंक खातों में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त के रूप में 631 करोड़ 38 लाख से अधिक की राशि अंतरित की। मुख्यमंत्री ने बहनों को रक्षाबंधन की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि माताओं-बहनों के चेहरे पर मुस्कान, उनका आत्मविश्वास और उनका आशीर्वाद ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।

डौंडीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का माताओं-बहनों ने आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बहनों के बीच पहुंचकर उनसे संवाद किया, उनका हालचाल जाना और महतारी वंदन योजना से उनके जीवन में आए बदलावों के अनुभव सुने। इस अवसर पर बालोद जिले के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राहियों सहित प्रदेश के 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राहियों के खातों में कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 की राशि अंतरित की गई।

*** बहनों को मिला रक्षाबंधन का एडवांस गिफ्ट ***

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सावन के पवित्र महीने और रक्षाबंधन के ठीक पहले मातृशक्ति के सम्मान के इस कार्यक्रम में शामिल होना सौभाग्य का विषय है। रक्षाबंधन को ध्यान में रखते हुए सरकार ने सितंबर माह की किस्त भी 25 अगस्त को ही बहनों के खातों में पहुंचाने का निर्णय लिया है, ताकि त्योहार की खुशियां और बढ़ें। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की माताओं-बहनों के खातों में लगभग 20 हजार करोड़ की राशि अंतरित की जा चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ की माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की जो गारंटी दी थी, राज्य सरकार उसे पूरी प्रतिबद्धता से धरातल पर उतार रही है।

*** लखपति दीदी से ड्रोन दीदी तक का सफर ***

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की पांच हितग्राही महिलाओं से सीधे संवाद किया। महिलाओं ने बताया कि योजना से मिलने वाली नियमित राशि ने उन्हें आर्थिक फैसले लेने का आत्मविश्वास दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब तक लक्ष्य से अधिक 13 लाख 85 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज विभिन्न उद्यमों के माध्यम से अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने ड्रोन दीदी पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि बहनें आधुनिक तकनीक से जुड़कर खेतों में खाद के छिड़काव से अच्छी आय अर्जित कर रही हैं।

*** बालोद जिले के लिए विकास का पिटारा खुला ***

महतारी वंदन सम्मान समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बालोद जिले को लगभग 102 करोड़ की लागत के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। उन्होंने नगर पंचायत डौंडीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की। साथ ही खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन की स्वीकृति, खरखरा जलाशय की पूरक नहर के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण तथा धनगांव जलाशय के शीर्ष कार्य वियर के साथ नहर रिमॉडलिंग-लाइनिंग कार्य की घोषणा की गई। इसके अलावा मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर 5 करोड़ की लागत से पुलिया निर्माण और संबलपुर से भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग निर्माण की भी घोषणा हुई।

*** मोदी की गारंटी और बस्तर का बदलता स्वरूप ***

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प से बस्तर अब शांति और विश्वास के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। दुर्गम क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और मोबाइल कनेक्टिविटी पहुंच रही है। समारोह में बताया गया कि किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और तेंदूपत्ता संग्राहकों से 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से खरीदी कर आर्थिक संबल दिया जा रहा है। इस अवसर पर कांकेर सांसद भोजराज नाग और पूर्व सांसद सरोज पांडे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और महतारी वंदन योजना की हितग्राही महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow