भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र में ओम शांति ओम चौक से लेकर हाउसिंग बोर्ड कालीबाड़ी चौक तक सड़क सीमेंटीकरण का कार्य सांसद निधि से किया जा रहा है। यह परियोजना सांसद विजय बघेल द्वारा 40 लाख रूपये की स्वीकृति से शुरू की गई है। इस परियोजना का उद्देश्य एक अच्छी व्यवस्थित सड़क निर्माण करना है, साथ ही सड़क पर विद्युतीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए भी 40 लाख रूपये की राशि आवंटित की गई है।
इस निर्माण कार्य की गुणवत्ता और शीघ्रता की निगरानी करने के लिए आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय, जोन आयुक्त येशा लहरे और अभियंता टीम के साथ मौके पर पहुंचे। आयुक्त ने निर्माण एजेंसी से आग्रह किया कि कार्य को निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। आयुक्त ने चेतावनी दी कि निर्माणाधीन सीमेंट की सड़क तभी मजबूत रहेगी जब उसमें बराबर पानी की तराई की जाएगी, क्योंकि तराई नहीं होने पर सड़क में दरारें आ सकती हैं और सड़क की मजबूती भी प्रभावित हो सकती है। साथ ही सड़क का धार-कोर भी जांचा गया और यदि यह सही नहीं पाया गया तो गाड़ी के पहिये के दबाव से सड़क टूट सकती है।
इसके अतिरिक्त, वार्ड क्रं. 23 घांसीदास नगर में अधोसंरचना मद से 44 लाख की लागत से सड़क सीमेंटीकरण कार्य जारी है। यहां कुछ निवासियों ने सड़क पर मलवा डालकर उसे बाधित किया था, जिसके बाद जोन राजस्व सहायक अधिकारी को कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सार्वजनिक शौचालय, एस.एल.आर.एम. सेंटर आदि का भी अवलोकन किया गया।
इस निरीक्षण में कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, उपअभियंता अर्पित बंजारे, जोन के प्रभारी सहायक राजस्व अधिकारी शरद दुबे, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा, जनसम्पर्क अधिकारी अजय शुक्ला और सुपरवाइजर अंजनी सिंह उपस्थित रहे।









