Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

आयुक्त पाण्डेय ने वार्डों में निरीक्षण कर पानी की गुणवत्ता का किया मूल्यांकन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।

नगर पालिक निगम भिलाई क्षेत्र के पावर हाउस टी मार्केट में शासन के 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री राजीव कुमार पाण्डेय ने क्षेत्र की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया और वहां उपस्थित व्यापारीगण, जनप्रतिनिधि और आम नागरिकों से ‘स्वच्छता ही सेवा’ की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपील की कि वे प्रतिदिन अपने आस-पास की सफाई करें और निगम के सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें।

 

आयुक्त पाण्डेय ने नागरिकों से यह भी कहा कि वे नालियों में कचरा न फेंके और अपने दुकानों से निकलने वाले कचरे को निगम के सफाई कर्मचारियों को दें। नगर निगम भिलाई अपने सफाई अमले के साथ स्वच्छता अभियान में सक्रिय रूप से योगदान दे रहा है।

इसके बाद, आयुक्त ने खुर्सीपार क्षेत्र में स्थित बाबा बालकनाथ उद्यान का निरीक्षण किया। यहां पेड़-पौधों की कटाई-छटाई, ट्रिमिंग और सिंचाई व्यवस्था की जांच की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उद्यान को हरा-भरा बनाए रखा जाए। साथ ही तालाब की सफाई, पोल, लाइट व्यवस्था और मोटर पम्प का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तालाब के आस-पास सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और मोटर पम्प का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।

आयुक्त पाण्डेय ने लक्ष्मण तालाब का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने सफाई कर्मचारी और आम नागरिकों से पूछा कि क्या नियमित सफाई की जाती है। कर्मचारियों ने बताया कि प्रतिदिन सफाई की जाती है। इसके बाद आयुक्त ने वार्डों का निरीक्षण किया और वहां से गुजरते हुए नगर निगम के वाटर चेक पोस्ट पर जाकर पानी की गुणवत्ता का परीक्षण किया। आयुक्त ने पानी पीकर उसकी गुणवत्ता की जांच की और स्थानीय नागरिकों से पानी की स्थिति के बारे में जानकारी ली। नागरिकों ने बताया कि पानी वर्तमान में साफ और पीने योग्य आ रहा है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पानी के सैंपल अलग-अलग स्थानों से लेकर उसका परीक्षण प्रयोगशाला से कराया जाए।

इस दौरान, जोन आयुक्त श्री सतीश यादव, कार्यपालन अभियंता श्री रवि सिन्हा, स्वास्थ्य अधिकारी श्री जावेद अली, जोन राजस्व अधिकारी श्री बालकृष्ण नायडू और जोन स्वास्थ्य अधिकारी श्री बीरेन्द्र बंजारे भी उपस्थित रहे।

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow

Leave a Comment