दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।
देश में लगातार बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दामों में वृद्धि के साथ-साथ खाद-उर्वरक संकट को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग द्वारा राजीव भवन में आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता को पेट्रोल पंप की लाइनों में खड़ा कर खुद विदेश यात्राओं पर निकल गए हैं।
इस प्रेस वार्ता को रायपुर के पूर्व महापौर व मुख्य वक्ता प्रमोद दुबे, दुर्ग (ग्रामीण) जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और भिलाई नगर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने संबोधित किया।
जनता के जख्मों पर नमक छिड़क रहे प्रधानमंत्री: प्रमोद दुबे
पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि पिछले दो माह से देश डीजल, पेट्रोल, गैस और उर्वरक संकट से जूझ रहा है। बढ़ती महंगाई ने आम जनता, किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। ऐसे संकट के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से कम तेल उपयोग करने, महिलाओं को खाने में तेल-गैस का कम इस्तेमाल करने और किसानों को खेती में उर्वरक कम उपयोग करने की सलाह देना जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। दुबे ने कहा कि खरीफ सीजन से पहले खाद की भारी कमी के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है और केंद्र सरकार ने समय रहते कोई ठोस तैयारी नहीं की।
मनमोहन सरकार से की तुलना, बोले- डिब्बे में नहीं मिल रहा डीजल
दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने मनमोहन सिंह सरकार से तुलना करते हुए कहा कि 2013 के मुकाबले आज आटा, चावल, दाल, खाद्य तेल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम कई गुना बढ़ चुके हैं। रसोई गैस सिलेंडर हजार रुपये के करीब है, जबकि पेट्रोल 104 रुपये और डीजल लगभग 97 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है। ठाकुर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद जनता को राहत नहीं दी गई। पेट्रोल पंपों पर किसानों को डिब्बे में डीजल नहीं दिया जा रहा है, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2013 की तुलना में सोने की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगड़ गया है।
12 वर्षों में ऊर्जा सुरक्षा पर कोई कदम नहीं: बाकलीवाल
दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी को नियंत्रित करने में पूरी तरह असफल रही है। आम आदमी कर्ज में डूब रहा है और लोगों की बचत खत्म हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल भंडारण और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर कोई नीतिगत कदम नहीं उठाया, जिससे देश में ईंधन संकट निर्मित हो रहा है।
तत्काल कम किए जाएं दाम: चंद्राकर
भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर ने केंद्र सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम तत्काल कम किए जाएं। किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण कर आम जनता को राहत दी जाए। प्रेस वार्ता के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।










