दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 216 स्टेशनों पर आज होगा जनसंवाद, यात्रियों की सुनी जाएंगी समस्याएं
OM Darpan
बिलासपुर। रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों पर चल रहे विशेष अभियान 6.0 के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (दपूमरे) के 216 स्टेशनों पर आज एक दिवसीय ‘पैन इंडिया रेल जनसंवाद’ का आयोजन किया जाएगा। बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों में होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए रेलवे अधिकारी यात्रियों से सीधा जुड़कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनेंगे।
बिलासपुर में जीएम तो चांपा में एजीएम रहेंगे मौजूद
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह 10 बजे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश की मौजूदगी में जनसंवाद शुरू होगा। इसके अलावा चांपा स्टेशन पर अपर महाप्रबंधक विजय कुमार साहू और उसलापुर रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन उपस्थित रहकर यात्रियों से संवाद करेंगे।
स्वच्छता और लंबित शिकायतों के निपटारे पर जोर
इस विशेष अभियान के तहत दपूमरे में स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ लंबे समय से अटकी शिकायतों व प्रकरणों का तेजी से निपटारा किया जा रहा है। इसके अलावा कार्यालयों में भौतिक फाइलों की समीक्षा कर अनुपयोगी दस्तावेजों को हटाया जा रहा है। स्क्रैप और ई-कचरे के निस्तारण से न केवल जगह खाली हो रही है, बल्कि रेलवे को राजस्व भी प्राप्त हो रहा है। नियमों व प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर भी विशेष फोकस है।
सुझावों से सुधरेगी यात्री सुविधा
कार्यक्रम के दौरान रेलवे के अधिकारी स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों, युवाओं व आम नागरिकों से रूबरू होंगे। इस दौरान स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं और सेवाओं पर फीडबैक लिया जाएगा। प्राप्त शिकायतों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर उनका जल्द निराकरण किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे जनसंवाद कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल हों। प्रशासन का मानना है कि यात्रियों के सकारात्मक सुझावों और फीडबैक से रेलवे की सेवाओं को अधिक सुविधाजनक और जवाबदेह बनाने में मदद मिलेगी।
जरूरी खबरें
विज्ञापन