Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

रायपुर: शासकीय ठेकेदार बनकर वाहनों की धोखाधड़ी करने वाला दानेश्वर निषाद गिरफ्तार

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

रायपुर।

खुद को शासकीय ठेकेदार बताकर लोगों को धोखा देने वाले आरोपी दानेश्वर निषाद को टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने प्रज्ञा होटल के संचालक समेत कई लोगों से चारपहिया वाहन किराए पर लेकर उन्हें बेचने और गिरवी रखने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 14 चारपहिया वाहन जब्त किए हैं।

धोखाधड़ी का शिकार हुआ होटल संचालक
प्रार्थी धर्मेंद्र प्रसाद, जो संतोषीनगर बोरियाखुर्द में रहते हैं और टिकरापारा स्थित प्रज्ञा होटल के संचालक हैं, ने थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि उन्होंने लगभग 13 लाख रुपये की एक सफेद स्कॉर्पियो वाहन (क्रमांक CG 07 CG 8839) चोलामंडलम फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस कराई थी। मासिक किस्तों का भुगतान करने में परेशानी होने पर उन्होंने वाहन को किराए पर देने का फैसला किया।

धर्मेंद्र प्रसाद ने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा जिसमें ए.एफ.सी ट्रेवल्स एजेंसी द्वारा शासकीय और गैर-शासकीय विभागों में चारपहिया वाहन किराए पर चलाने के लिए एग्रीमेंट किया जा रहा था। विज्ञापन देखकर उन्होंने एजेंसी से संपर्क किया।

ठेकेदार बनकर किया फर्जी एग्रीमेंट
ए.एफ.सी ट्रेवल्स एजेंसी के एक व्यक्ति ने प्रज्ञा होटल पहुंचकर खुद को शासकीय ठेकेदार बताया। उसने अपना नाम दानेश्वर निषाद बताया और कहा कि वह सरकारी विभागों में वाहन किराए पर चलवाता है। उसकी बातों में आकर धर्मेंद्र प्रसाद ने 16 दिसंबर 2024 को 35,000 रुपये मासिक किराए पर स्कॉर्पियो वाहन का एग्रीमेंट कर दिया।

जब प्रार्थी ने किराया लेने के लिए संपर्क किया तो ए.एफ.सी ट्रेवल्स एजेंसी का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद प्रार्थी इंद्रप्रस्थ कॉलोनी स्थित एजेंसी के कार्यालय पहुंचे। वहां उन्हें जानकारी मिली कि दानेश्वर निषाद ने 14-15 अन्य लोगों से भी वाहन किराए पर लेकर उन्हें बेच दिया है या गिरवी रख दिया है और फरार हो गया है।

संयुक्त टीम ने आरोपी को किया गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की। आरोपी की पतासाजी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार रेड की गई। अंततः पुलिस ने दानेश्वर निषाद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने प्रार्थी सहित अन्य लोगों से चारपहिया वाहन लेकर उन्हें बेचने और गिरवी रखने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी से 14 चारपहिया वाहन किए जब्त
आरोपी दानेश्वर निषाद पिता राधेश्याम निषाद (उम्र 29 वर्ष), निवासी ग्राम जमराव, थाना अमलेश्वर, जिला दुर्ग के खिलाफ टिकरापारा थाना में अपराध क्रमांक 08/25 धारा 316(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी से 14 चारपहिया वाहन जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।


[pdf_embed url=”https://omdarpan.com/wp-content/uploads/2025/01/03-jan-2025-se-09-jan-2025-varsh-20-omdarpna-10-.pdf”]

omdarpanprmot-01
previous arrow
next arrow