तिल्दा नेवरा।
रायपुर के तिल्दा नेवरा इलाके में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में हत्या के आरोपी प्रेमी तरुण दास मानिकपुरी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया गया था।
पुलिस के अनुसार, रूपेन्द्र निर्मलकर निवासी वार्ड क्रमांक 14 नेवरा ने थाना तिल्दा नेवरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बुआ छीता निर्मलकर अपने घर में मृत अवस्था में पाई गई हैं। जब रूपेन्द्र अपनी बुआ के घर पहुंचा तो वह खाट पर कथरी ओढ़े लेटी थीं। आवाज देने पर कोई जवाब न मिलने पर जब कथरी हटाई गई, तो देखा कि उनके सिर में चोट लगी थी और खून निकला हुआ था। तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट और गला दबाने से दम घुटने को मौत का कारण बताया। चिकित्सकों ने इसे हत्यात्मक प्रकृति का बताया। इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना तिल्दा नेवरा में अपराध दर्ज किया गया।
जांच और संदिग्ध की पहचान
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तिल्दा नेवरा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि वार्ड क्रमांक 14 निवासी तरुण दास मानिकपुरी का मृतिका छीता निर्मलकर के घर अक्सर आना-जाना था और उसे आखिरी बार घटना वाली रात मृतिका के घर से बाहर जाते देखा गया था।
आरोपी का खूनी कबूलनामा
प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने तरुण दास मानिकपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन जब पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी तरुण दास मानिकपुरी ने बताया कि उसका छीता निर्मलकर से प्रेम संबंध था। बीते 4 अगस्त की रात वह मृतिका के घर गया था, जहां दोनों के बीच प्रेम संबंध को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर तरुण ने पास पड़े लकड़ी के बत्ते से छीता निर्मलकर के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गईं। इसके बाद उसने अपने हाथों से उनका गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लकड़ी का बत्ता जब्त कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









