लखीमपुर। लखीमपुर खीरी जिले के मितौली पुलिस क्षेत्र के पकरिया गांव निवासी एक व्यक्ति की शुक्रवार शाम को कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक व्यक्ति को एक मामले में पूछताछ के लिए मितौली पुलिस थाना बुलाया गया था। पुलिस ने बताया कि आशा राम (50) को 06 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले में पूछताछ के लिये पुलिस थाना बुलाया गया था। पुलिस के मुताबिक लड़की का शव पिछले सप्ताह बरामद किया गया था।
पेट दर्द के बाद हुई मौत
पुलिस ने बताया कि आशा राम ने शुक्रवार देर शाम तेज पेट दर्द की शिकायत की, जिसके बाद उसे पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत के बाद ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन
पुलिस ने बताया कि अपर पुलिस अधीक्षक नेपाल सिंह, विभिन्न तहसीलों के पुलिस उपाधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारी उत्तेजित ग्रामीणों को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मांग थी कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की जाये। प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी ने पीड़ित परिवार के सदस्यों से बात की। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दे विरोध प्रदर्शन समाप्त कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।










