- उतई में इंडोर स्टेडियम तो रिसाली में बनेगी सड़क, विधायक ललित चंद्राकर के प्रयासों से मिली स्वीकृति
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की झड़ी लगने वाली है। क्षेत्रीय विधायक ललित चंद्राकर के प्रयासों को तब बड़ी सफलता मिली जब उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 21 करोड़ 41 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं को हरी झंडी दिखा दी। विधायक चंद्राकर ने इन विकास कार्यों की आवश्यकता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री से मांग की थी।
उतई को मिलेगा इंडोर स्टेडियम
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा अधोसंरचना मद के अंतर्गत नगर पंचायत उतई के वार्ड क्रमांक एक, उमर पोटी रोड पर एक भव्य इंडोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत राशि ₹ 200.00 लाख है। इससे क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
रिसाली की सड़कें होंगी चकाचक
वहीं, मुख्यमंत्री नगरों उत्थान योजना के तहत नगर निगम रिसाली में भी विकास कार्य होंगे। मुख्य मार्ग मैत्री कुंज से मधुरिशा आजाद चौक, कृष्णा टॉकीज रोड़ होते हुए श्री राम चौक से बालाजी अपार्टमेंट तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस सड़क निर्माण कार्य की अनुमानित लागत राशि ₹ 1941.11 लाख है। इससे रिसाली के नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इन सभी विकास कार्यों की सतत निगरानी रखने और इनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विधायक ललित चंद्राकर की सक्रियता से क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
अरुण साव ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी कार्य विधायक ललित चंद्राकर के मार्गदर्शन में तय समय सीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने इन योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने की बात कही, जिससे कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और जनता का विश्वास और मजबूत हो।









