दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
धमधा रोड स्थित बायपास के नीचे दुर्ग जिला देवांगन समाज के तत्वावधान में जिला स्तरीय परमेश्वरी महोत्सव का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस समारोह में सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में विधायक गजेंद्र यादव, ललित चंद्राकर, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, महापौर अलका बाघमार, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक और भिलाई जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम कौशिक मौजूद रहे।

समारोह में हाल ही में नगरीय निकाय और पंचायत चुनावों में विजयी 100 से अधिक नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों और दानदाताओं को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में दुर्ग जनपद पंचायत अध्यक्ष कुलेश्वरी देवांगन, धमधा जनपद उपाध्यक्ष प्रीति देवांगन, पाटन नगर पंचायत अध्यक्ष निक्की योगेश भाले सहित विभिन्न पंच, सरपंच और पार्षद शामिल रहे।
सांसद बघेल बोले – महिलाओं की समान भागीदारी से हो रहा समाज का उत्थान
सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि देवांगन समाज में महिलाओं की समान भागीदारी के कारण समाज निरंतर उन्नति कर रहा है। उन्होंने समाज को संगठित रखने की अपील की और समाज के वरिष्ठजनों के योगदान को याद रखने का संदेश दिया।
विधायक गजेंद्र यादव ने सनातन संस्कृति को बढ़ावा देने में देवांगन समाज के योगदान की सराहना की, वहीं ललित चंद्राकर ने कहा कि व्यापार में अग्रणी होने के कारण देवांगन समाज प्रदेश की आर्थिक समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने कहा कि देवांगन समाज एक संगठित और विनम्र समाज है, जिसकी संगठन क्षमता इसकी सबसे बड़ी ताकत है। महापौर अलका बाघमार ने समाज की संस्कारशीलता पर जोर देते हुए आने वाली पीढ़ी को अच्छे संस्कार देने की अपील की।
समाज की मांगों को रखा गया जनप्रतिनिधियों के सामने
समारोह में देवांगन समाज की ओर से प्रेमचंद देवांगन ने सांसद और विधायकों के समक्ष समाज की विभिन्न मांगों को प्रस्तुत किया। सभी जनप्रतिनिधियों ने इन मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
समारोह में अनेक गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर देवांगन समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष महेश देवांगन, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. ओमप्रकाश देवांगन, प्रदेश उपाध्यक्ष धनेश देवांगन, गजेंद्र देवांगन, समाजसेविका डॉ. मानसी गुलाटी, समाजसेवी प्रेमचंद देवांगन, भाजपा जिला महामंत्री शंकरलाल देवांगन, जिला देवांगन समाज अध्यक्ष पुरानिक राम देवांगन, सचिव धनुषराम देवांगन, कोषाध्यक्ष राजेंद्र लिमजे सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महिला शक्ति ने की माता परमेश्वरी की पूजा
कार्यक्रम का संचालन घनश्याम कुमार देवांगन, हेमा देवांगन, सरस्वती देवांगन और गिरधर देवांगन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला सचिव धनुषराम देवांगन ने व्यक्त किया। समारोह का आरंभ और समापन महिलाओं द्वारा माता परमेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ।






