धमतरी (ओमदर्पण न्यूज़)।
Dhamtari Police Operation Nishchay धमतरी पुलिस ने नशे और अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए अपने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत चौथा बड़ा अभियान चलाया है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने जिले भर में 150 से अधिक स्थानों पर अचानक दबिश देकर नशे के कारोबारियों और अपराधियों की कमर तोड़ दी है। इस महा-अभियान के तहत पुलिस ने अवैध नशा सामग्री और एक हथियार बरामद करते हुए दर्जनों लोगों पर कार्रवाई की है।
सूखे नशे के सौदागर और हथियार समेत 22 गिरफ्तार
धमतरी पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस सघन अभियान के दौरान पुलिस ने सूखे नशे का कारोबार करने वाले 4 सौदागरों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी व परिवहन पर लगाम कसते हुए 17 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं, दबिश के दौरान एक व्यक्ति को देशी कट्टा रखने के जुर्म में आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
30 असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अभियान के तहत पुलिस ने असामाजिक तत्वों पर भी नकेल कसी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की आशंका के चलते 30 व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
नशे के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि जिले में नशे के कारोबार और अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराधियों और तस्करों पर यह कड़ा प्रहार आगे भी निरंतर जारी रहेगा। ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत चलाए गए इस चौथे बड़े अभियान से पूरे जिले के अपराधियों में भारी हड़कंप मचा हुआ है।










