- प्रधानपाठक पर लटकी कार्रवाई की तलवार
दुर्ग/उतई. (रोहितास सिंह भुवाल)
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अरविंद मिश्रा ने सोमवार को जिले के शासकीय स्कूलों की हकीकत जानने के लिए औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सरकारी स्कूलों में पढ़ाई की दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। जहां एक ओर शिक्षकों की लापरवाही पर डीईओ ने सख्त नाराजगी जाहिर की, वहीं संसाधनों की कमी के बावजूद बेहतर परिणाम देने वाले शिक्षकों की पीठ भी थपथपाई।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला रिसामा के प्रधानपाठक नरेश ठाकुर बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर डीईओ ने तत्काल बीईओ (BEO) को उनके खिलाफ कार्यवाही प्रस्तावित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रार्थना स्थल पर 22 तक पहाड़ा, बच्चों को मिली शाबाशी
डीईओ मिश्रा ने जब शासकीय प्राथमिक शाला उतई का निरीक्षण किया, तो वहां का नजारा सुखद था। प्रधानपाठक दीप्ति रानी खोबरागड़े और सभी शिक्षक प्रार्थना स्थल पर बच्चों को 22 तक के पहाड़े का अभ्यास करा रहे थे। बच्चे पूरी ऊर्जा के साथ पहाड़े दोहरा रहे थे। इस नवाचार से खुश होकर डीईओ ने प्रधानपाठक, शिक्षकों और विशेष रूप से कक्षा चौथी की छात्रा हंसिका, मानवी और छात्र आर्यन की प्रशंसा की।
एक शिक्षक ने संभाला मोर्चा, डीईओ बोले- यह प्रेरणास्पद
प्राथमिक शाला मातरोडीह में डीईओ को शिक्षा के प्रति समर्पण की मिसाल देखने को मिली। यहां दो शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से एक की ड्यूटी निर्वाचन कार्य में लगी है। इसके बावजूद प्रधानपाठक रेखराम कोठारी अकेले कक्षा पहली से पांचवी तक के बच्चों को पढ़ाते मिले। डीईओ ने देखा कि कक्षा तीसरी के बच्चे धाराप्रवाह हिंदी पढ़ रहे हैं और उन्हें 15 तक पहाड़े व बारहखड़ी कंठस्थ है। डीईओ ने रेखराम कोठारी के जज्बे की तारीफ करते हुए कहा कि उनका यह प्रयास उन शिक्षकों के लिए सबक है, जो अक्सर शिक्षकों की कमी का बहाना बनाते हैं। डीईओ ने बच्चों से ताली बजवाकर प्रधानपाठक का स्वागत कराया।
स्टाफ रूम में गप्पें लड़ाते शिक्षकों को फटकार
सिक्के का दूसरा पहलू आदर्शनगर उतई और प्राथमिक शाला उतई के कुछ हिस्सों में देखने को मिला। यहाँ कक्षाएं खाली थीं और प्रधानपाठक सहित अन्य शिक्षक स्टाफ रूम में बैठे थे। इस पर डीईओ ने कड़ी नाराजगी जाहिर की और भविष्य में कक्षा खाली न छोड़ने की सख्त हिदायत दी। वहीं, कातरो के स्कूल में बच्चों का शैक्षणिक स्तर कक्षा के अनुरूप नहीं पाया गया।
जमीन पर बैठकर पढ़ाते मिले शिक्षक प्रहलाद
शासकीय प्राथमिक शाला बोरीगारका में शिक्षक प्रहलाद सिन्हा बच्चों के साथ मेट (चटाई) पर बैठकर अभ्यास कराते मिले। डीईओ ने उनके इस अपनापन और प्रयास की सराहना की।
बोर्ड परीक्षा के लिए ‘मिशन मोड’ में तैयारी के निर्देश
डीईओ ने शासकीय हाई/हायर सेकंडरी विद्यालय उतई, कातरो, मेडेसरा, ननकट्ठी और अंडा का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि:
-
कार्यालय से भेजे गए प्रश्न बैंक और पिछले 5 वर्षों के बोर्ड प्रश्न पत्रों को हल कराया जाए।
-
इन प्रश्नों के आधार पर टेस्ट लिए जाएं और उत्तर पुस्तिकाओं की त्रुटियों को सुधारकर बच्चों को बताया जाए।
-
कमजोर बच्चों को चिन्हांकित कर सीमित पाठ्यक्रम के माध्यम से बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराई जाए।
इन स्कूलों का हुआ निरीक्षण
डीईओ अरविंद मिश्रा ने नेवई, उतई, आदर्श नगर उतई, बोरीगारका, बोरीडीह, मातरोडीह, कातरो, रिसामा, अंडा के प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक विद्यालयों तथा उतई, कातरो, अंडा, मेडेसरा और ननकट्ठी के हाई/हायर सेकंडरी स्कूलों का निरीक्षण किया।










