दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
दाऊ उत्तम सिंह साव शासकीय महाविद्यालय मचांदूर में वार्षिक उत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दुर्ग ग्रामीण विधायक व राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान की देवी मां सरस्वती के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना से किया गया।
कार्यक्रम में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। महाविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय संयोजक डॉ. राजेश पांडे ने की। उन्होंने नई शिक्षा नीति के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि छात्रों को अपने करियर के लक्ष्य तय कर पूरी लगन से उन्हें हासिल करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा, “जीवन में एक सपना लेकर चलें और उसे पाने के लिए मेहनत करें। सफलता अवश्य मिलेगी।”
महाविद्यालय की प्राचार्य नीरजा रानी पाठक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि महाविद्यालय में वर्षभर छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। महाविद्यालय के छात्रों ने खेलकूद, अकादमिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
विधायक ललित चंद्राकर का संबोधन
इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक ललित चंद्राकर ने कहा, “मैं आज इस महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव में सम्मिलित होकर सम्मानित महसूस कर रहा हूँ। महाविद्यालय का निर्माण सीताराम यादव जी के अथक प्रयासों का परिणाम है। यह मंच न केवल छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखता है।”
विधायक ने छात्रों को जीवन में लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा, “आप नौकरी देने वाले बनें, नौकरी मांगने वाले नहीं। जीवन में कोई भी मुकाम बड़ा नहीं होता, अगर आपमें उसे पाने का जज्बा और जुनून है। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम और धीरूभाई अंबानी जैसे महापुरुषों ने संघर्षों से सफलता हासिल की है। आप सभी देश के उज्ज्वल भविष्य हैं। विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।”
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रतिभाशाली छात्रों को विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे रंगोली, कबड्डी, मेहंदी, रस्साकशी, खो-खो, वाद-विवाद, पुष्प सज्जा, कविता और भाषण में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनभागीदारी अध्यक्ष प्रवीण यदु ने आभार प्रदर्शन करते हुए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उपस्थित विशिष्ट अतिथि
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जनपद सदस्य लेखन साहू, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला ठाकुर, जनभागीदारी अध्यक्ष प्रवीण यदु, सरपंच दिलीप साहू, महामंत्री दिलेश्वर साहू, युवा मोर्चा अध्यक्ष शुभम वर्मा, योगेश कुमार साहू, उपसरपंच गजेन्द्र साहू, सोसायटी अध्यक्ष फलेंद्र सिंह राजपूत, युवा मोर्चा अध्यक्ष कारण सेन, जितेंद्र सोनी, सीताराम यादव, विधायक प्रतिनिधि धनराज साहू, दयाल यादव, ननकू यदु, सरपंच गोवर्धन बारले, तोषण साहू, वासुदेव बघेल और प्रो. एन.एस. इक्का सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और नगरवासी उपस्थित रहे।








