कांजी हाउस में बीमार जानवरों की मिलेगा बेहतर देखभाल: नगर निगम भिलाई की अनोखी पहल
OM Darpan
Jan 29, 2025 09:58 pm
242 views
29 Jan 2025
भिलाईनगर (रवि कुमार भास्कर)।
नगर पालिक निगम भिलाई के शहरी कांजी हाउस में, जहां सड़कों पर बैठने वाले जानवरों को पकड़कर रखा जाता है, जानवरों की देखभाल और इलाज की पूरी व्यवस्था की जाती है। यहां, उन जानवरों को चारा, पानी और दवाई दी जाती है, जिनकी देखभाल नगर निगम द्वारा की जाती है।
नगर निगम आयुक्त श्री राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि कांजी हाउस में जानवरों की देखभाल की पूरी व्यवस्था है। यदि किसी जानवर को बीमारी हो जाती है, तो डॉक्टर की मदद से इलाज किया जाता है। यह भी देखा जाता है कि जानवरों को प्लास्टिक या पॉलिथिन से बनी सामग्री खाने से परेशानी होती है, जिससे उनका पाचन तंत्र बिगड़ जाता है और पेट में सूजन हो जाती है। जानवरों के पेट में पॉलिथिन का निकलना और उनकी तकलीफों को लेकर निगम प्रशासन ने अब 'नो प्लास्टिक' अभियान की शुरुआत की है।
आयुक्त ने कहा, "हमारे शहर में कई बार लोग अपने खाने की बची हुई सामग्री जैसे सब्जी का छिलका, मिठाई का पैकेट, पॉलिथिन आदि जानवरों के सामने फेंक देते हैं। उन्हें लगता है कि इससे पुण्य मिलेगा, लेकिन ऐसा करने से जानवरों को बड़ी तकलीफ होती है। पॉलिथिन खाने से जानवर बीमार पड़ जाते हैं, जिसका इलाज बहुत कठिन होता है।" उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी जिम्मेदारी निभाएं और कचरा इधर-उधर न फेंके।कांजी हाउस में जानवरों की देखभाल करने वाले कर्मचारी कन्हैया यादव ने बताया, "बीमार जानवरों को कांजी हाउस लाना और उनका इलाज करना बहुत मुश्किल होता है। डॉक्टर ऑपरेशन करते हैं और पेट से सड़ी हुई पॉलिथिन निकालते हैं, लेकिन कभी-कभी जानवर दम तोड़ देते हैं।" भिलाई नगर निगम ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। सफाई मित्र घर-घर जाकर गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने की सुविधा दे रहे हैं। निगम का उद्देश्य है कि शहर को पॉलिथिन मुक्त किया जाए और सभी नागरिकों की मदद से जानवर स्वस्थ रहें और सफाई भी बनी रहे। नोट: नगर निगम भिलाई ने सभी माताओं-बहनों और छात्र-छात्राओं से सहयोग की अपील की है, ताकि सभी मिलकर जानवरों की देखभाल कर सकें और नगर निगम के इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बना सकें।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन