चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ी कांग्रेस, दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होने निकले राकेश ठाकुर
OM Darpan
दुर्ग
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के अध्यक्ष राकेश ठाकुर रविवार देर शाम दिल्ली रवाना हो गए। वे रायपुर के माना विमानतल से दिल्ली के लिए निकले हैं। इस बड़े प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व सीएम भूपेश बघेल पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं। उनके साथ पीसीसी चीफ दीपक बैज, कई विधायक, पूर्व विधायक और अन्य वरिष्ठ नेता भी राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी की आवाज बुलंद करेंगे।
वोट चोरी और चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
दिल्ली रवानगी से पहले राकेश ठाकुर ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की रक्षा सबसे बड़ा मुद्दा बन गया है। कांग्रेस पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका, चुनाव में पारदर्शिता की कमी, फॉर्म-6 में किए गए बदलाव और वोट चोरी जैसे गंभीर मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर उठाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान जनता की सबसे बड़ी ताकत है और यदि मतदाता सूची या चुनावी व्यवस्था पर संदेह है, तो चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह इसका पारदर्शी तरीके से समाधान करे।
ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेकर रहेंगे
जिलाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर पूरे छत्तीसगढ़ से कांग्रेस नेता एकजुट होकर दिल्ली पहुंच रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों को बचाने की बड़ी लड़ाई है। ठाकुर ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा लेकर ही रहेगी। पार्टी जनहित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना यह संघर्ष लगातार जारी रखेगी।
जरूरी खबरें
विज्ञापन