छत्तीसगढ़ में खाद-बीज संकट: 'आप' ने सरकार पर बोला हमला, बड़े आंदोलन की दी चेतावनी
OM Darpan
Jul 20, 2025 08:00 am
386 views
20 Jul 2025
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)। छत्तीसगढ़ को 'धान का कटोरा' कहने वाली सरकार पर अब किसानों को 'खाली कटोरा' थमाने का आरोप लग रहा है। राज्य में खाद और बीज की भीषण कमी से जूझ रहे किसानों की बदहाली को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने साय सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। AAP ने आरोप लगाया है कि सरकार बहाने बना रही है और भ्रष्टाचार में लिप्त है, जबकि किसान दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
खाद की कमी से हाहाकार, सरकार पर बहाने बनाने का आरोप
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू ने शुक्रवार को दुर्ग में एक संवाददाता सम्मेलन में छत्तीसगढ़ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य की लगभग सभी सोसाइटियों में खाद की कमी बनी हुई है और सरकार सिर्फ बहाने बना रही है। साहू ने याद दिलाया कि AAP ने 20 जून 2025 को ही इस संबंध में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में सरकार को ज्ञापन सौंपा था, जिसमें DAP, यूरिया और बीज की भारी कमी से किसानों को हो रही परेशानियों को उजागर किया गया था। लेकिन, एक महीने बीत जाने के बाद भी सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायक सिर्फ कार्यक्रमों में व्यस्त हैं, उन्हें किसानों की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उनके अनुसार, सभी विभाग केवल भ्रष्टाचार और नेताओं के कमीशन की व्यवस्था में लगे हुए हैं।आंकड़ों में किसानों का दर्द: लक्ष्य से बेहद कम उपलब्धता
आम आदमी पार्टी के प्रदेश महासचिव वदूद आलम ने खाद एवं बीज की कमी के भयावह आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि सरकार भले ही वैकल्पिक व्यवस्था व प्रतिस्थापन (NPK, SSP, नैनो डीएपी) की बात कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है। खरीफ सत्र 2025 के लिए 3.10 लाख टन DAP की मांग थी, लेकिन सरकार अब तक केवल 1.10 लाख टन ही उपलब्ध करा पाई है। इसी तरह, यूरिया का वितरण लक्ष्य 7.12 लाख टन में से लगभग 3.59 लाख टन ही पूरा हो पाया है। बीजों की जरूरत 4.32 लाख क्विंटल थी, लेकिन सरकार सिर्फ 3.83 लाख क्विंटल ही उपलब्ध करा पाई है। आलम ने बताया कि निजी विक्रेताओं के माध्यम से किसानों को 2100 रुपये प्रति बैग जैसे महंगे भाव पर खाद मिल रही है, जिसका किसान पुरजोर विरोध कर रहे हैं।नकली खाद-बीज का खेल और अफसरों की मिलीभगत
आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री संजीत विश्वकर्मा ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न विकासखंडों में किसानों को झांसा देकर नकली खाद और बीज थमाने का खेल चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे खेल में कथित तौर पर जिम्मेदार विभाग के मैदानी अमले की मिलीभगत है। निजी प्रतिष्ठानों में खाद बेच रहे व्यवसायी निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूल रहे हैं। विश्वकर्मा ने बताया कि राज्य के हर विकासखंड के गांवों में खाद और बीज की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिससे किसानों को दर-दर भटकना पड़ रहा है और उनकी मांगों को समिति प्रबंधकों द्वारा अनदेखा किया जा रहा है।'धान का कटोरा' अब 'खाली कटोरा'
आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता देविंदर सिंह भाटिया ने छत्तीसगढ़ सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए मार्मिक टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "जिस प्रदेश को 'धान का कटोरा' कहा जाता था, आज सरकार की लापरवाही के कारण किसानों के हाथ में सिर्फ खाली कटोरा देने की नौबत आ गई है।"AAP की चेतावनी: सड़क पर उतरकर होगा बड़ा आंदोलन
आम आदमी पार्टी दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष गीतेश्वरी बघेल और अधिवक्ता ज्ञान प्रकाश तिवारी महासचिव, दुर्ग लोकसभा ने मांग की कि जहां सरकारी समितियों में खाद नहीं मिल रही, वहां जांच कर कीमतों को नियंत्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने बीज स्टॉक में कमी को पूरा करने के लिए तत्परता, अतिरिक्त स्टॉक और वितरण केंद्रों को बढ़ावा देने की भी बात कही। आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी रवि साहू (जिला शहर संगठन मंत्री), दिवाकर ठाकुर (जिला महामंत्री), अजय रमेटेके (पूर्व विधायक प्रत्याशी), राजेश बंछोर, और वरिष्ठ सदस्य शिवा रायडू ने छत्तीसगढ़ राज्य में किसानों को हो रही इन परेशानियों पर सरकार का विरोध करते हुए संयुक्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सरकार ने किसानों की परेशानियां दूर नहीं की तो आम आदमी पार्टी किसानों के साथ मिलकर सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन