दुर्ग को मिली विकास की सौगात: दो फोरलेन सड़कें व सेंट्रल लाइब्रेरी के लिए 38 करोड़ स्वीकृत
OM Darpan
Jul 16, 2025 11:51 pm
532 views
16 Jul 2025
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
विधायक गजेन्द्र यादव की पहल पर दुर्ग शहर के विकास को एक नई गति मिलने जा रही है। राज्य की विष्णुदेव साय सरकार ने शहर के लिए ₹38.95 करोड़ की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं में दो नई फोरलेन सड़कें, एक अत्याधुनिक सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग ज़ोन व सिकोला नाला का निर्माण शामिल है। इस स्वीकृति से दुर्ग में विकास के नए अध्याय की शुरुआत होगी।
इन विकास कार्यों को मिली मंजूरी:
शासन द्वारा कुल पांच विकास कार्यों के लिए ₹38.95 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। विधायक गजेन्द्र यादव ने इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्ग अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ेगा।
जनसंपर्क व जनभावनाओं का परिणाम: विधायक गजेन्द्र यादव लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं और जनता की मांगों के अनुरूप विकास कार्यों को पूरा करने के लिए प्रयासरत हैं। इसी क्रम में बजट सत्र के दौरान उन्होंने दुर्ग की जनता को सुविधा और सहूलियतें प्रदान करने वाली विकास योजनाओं की मांग रखी थी। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगरीय प्रशासन विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना, अधोसंरचना मद व सेंट्रल लाइब्रेरी योजना के अंतर्गत इन विकास कार्यों की स्वीकृति प्रदान की।इन परियोजनाओं पर खर्च होगी राशि:
- अधोसंरचना मद से साईंस कालेज के पास जी.ई. रोड से स्टेशन रोड निर्माण कार्य हेतु: ₹5 करोड़ 50 लाख
- सिकोला नाला निर्माण कार्य हेतु: ₹3 करोड़
- नगरोत्थान मद में स्टेशन रोड से शहीद चौक तक 800 मीटर फोरलेन निर्माण हेतु: ₹9 करोड़ 75 लाख
- राजेन्द्र पार्क चौक से शहीद चौक होते हुए आईएमए चौक तक चौड़ीकरण एवं फोरलेन निर्माण हेतु: ₹9 करोड़ 27 लाख
- सेंट्रल लाइब्रेरी सह रीडिंग जोन परिसर (500 सीटर) हेतु: ₹11 करोड़ 42 लाख
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन