दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने 'हमारा शौचालय, हमारा सम्मान' अभियान का किया शुभारंभ
OM Darpan
Nov 21, 2024 06:18 am
232 views
21 Nov 2024
[smartslider3 slider=6]
- दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम कोलिहापुरी में विश्व शौचालय दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन, स्वच्छता को बनाया मुख्य उद्देश्य
ग्राम कोलिहापुरी में विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर 19 नवंबर 2024 से 10 दिसंबर 2024 तक चलने वाले 'हमारा शौचालय, हमारा सम्मान' अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर दुर्ग ग्रामीण विधायक व राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए देश के विकास में स्वच्छता की भूमिका पर जोर दिया। कार्यक्रम में माताओं का गोद भराई, नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन व आंगनबाड़ी के बच्चों को बॉटल वितरण किया गया। साथ ही रंगोली, व्यंजन व मेंहदी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी हुआ, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर ललित चंद्राकर ने सभी को स्वच्छता का संदेश देते हुए इसे अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एक अच्छी आदत है जो हमारे जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लालकिले से प्रस्तुत 'स्वच्छ भारत' की परिकल्पना को आज हर घर में शौचालय के रूप में साकार किया गया है। उन्होंने सभी से इस मुहिम को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से जिला पंचायत सदस्य माया बेलचंदन, जिला पंचायत सदस्य जितेंद्र साहू, जिला पंचायत सभापति योगिता चंद्राकर, जनपद पंचायत दुर्ग के अध्यक्ष देवेंद्र देशमुख, जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे, जनपद पंचायत सीईओ रूपेंद्र पांडे, परियोजना अधिकारी व महिला बाल विकास उषा झा, जिला समन्वयक गिरीश माधुरे, जिला सलाहकार राजेश तांडेकर, जिला पंचायत पर्यवेक्षक प्रमिला वर्मा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और अभियान को सफल बनाने की दिशा में अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सभी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाने की प्रेरणा दी।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन