28 सितम्बर 2026 |
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

आकाशगंगा सब्जी मंडी में अब नहीं चलेगी मनमानी, भिलाई निगम ने शुरू किया विक्रेताओं का सत्यापन

शेयर करें

OM Darpan

Aug 03, 2025 07:55 am 400 views
आकाशगंगा सब्जी मंडी में अब नहीं चलेगी मनमानी, भिलाई निगम ने शुरू किया विक्रेताओं का सत्यापन
  भिलाई नगर (रवि कुमार भास्कर) । आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी में लंबे समय से चली आ रही अनियमितताओं पर अब नगर निगम भिलाई ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। आयुक्त राजीव कुमार पांडेय के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने मंडी में थोक सब्जी विक्रेताओं का सत्यापन अभियान शुरू किया है। इस दौरान बकाया किराया जमा न करने वाले और अतिक्रमण कर व्यापार कर रहे विक्रेताओं पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।  

अनियमितताओं पर शिकंजा

लगभग 30 वर्ष पूर्व पावर हाउस से आकाशगंगा में स्थापित की गई यह थोक सब्जी मंडी अब अव्यवस्था का गढ़ बन चुकी है। ज्यादातर विक्रेताओं ने न तो निगम को मासिक किराया जमा किया है और न ही दुकानों का सही ढंग से संचालन कर रहे हैं। कई दुकानों को आपस में खरीद-फरोख्त कर लिया गया है, जबकि कुछ पर कोई और व्यक्ति व्यापार कर रहा है। व्यापारियों द्वारा अपनी क्षमता से अधिक सेड बढ़ा लिए गए हैं और चबूतरों को भी घेर लिया गया है, जिससे ट्रकों के आने-जाने और माल उतारने में भारी परेशानी हो रही है। यही नहीं, व्यापारी एक-दूसरे की शिकायतें भी कर रहे हैं।

आयुक्त के निर्देश पर टीम गठित

इन सभी समस्याओं को देखते हुए आयुक्त राजीव कुमार पांडेय ने राजस्व अधिकारी, भवन अधिकारी, जोन सहायक राजस्व अधिकारी और अन्य कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम का गठन किया है। इस टीम ने थोक सब्जी मंडी में जाकर बकायादारों को पैसा जमा करने के लिए नोटिस जारी किए हैं और अन्य दुकानों का सर्वे भी शुरू कर दिया है।

बुधवार को होगी दस्तावेज़ों की जांच

थोक सब्जी मंडी समिति के अध्यक्ष और वहां के व्यापारियों की मांग पर यह निर्णय लिया गया है कि बुधवार को सुबह 10 बजे सभी व्यापारी अपने-अपने दुकान के दस्तावेज़ लेकर आएंगे। नगर निगम की टीम मौके पर ही इन दस्तावेज़ों की जांच करेगी और यह सत्यापित करेगी कि किस दुकान पर कौन सा व्यापारी सामान बेच रहा है। जो लोग पैसा जमा नहीं किए हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि चबूतरे का किराया मात्र ₹60 और नीलामी दुकान का किराया लगभग ₹250 महीना है, जबकि व्यापारी वहां से लाखों का व्यापार कर रहे हैं।

मंडी की उपयोगिता और सुविधाएँ

भिलाई नगर निगम आकाशगंगा थोक सब्जी मंडी में सभी सुविधाएं प्रदान करता है। यहां रोज हजारों की भीड़ होती है, दूर-दूर से ट्रकों में माल आता है, और वहीं से छोटे व्यापारी खरीदकर ले जाते हैं। शादी, जन्मोत्सव और अन्य अवसरों पर आम आदमी भी यहीं से सब्जी खरीदते हैं। बावजूद इसके, कई व्यापारी अपने निर्धारित शुल्क जमा नहीं कर रहे हैं। सत्यापन के बाद सभी को व्यवस्थित किया जाएगा। आज सर्वे के दौरान सहायक राजस्व अधिकारी अजय शुक्ला, प्रसन्न तिवारी, राजस्व विभाग से उन्मेष साहू, भवन अनुज्ञा शाखा से सिद्धार्थ साहू, इनाम सिंह कन्नौज, शशांक सिंह, नंदू सिन्हा, विवेक साहू, श्रीकांत यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Tags

शेयर करें

विज्ञापन / Advertisement

Government Advertisement
260928185139146

विज्ञापन

Advertisement

संबंधित खबरें

पेज 5 / 184