-
युवाओं को मिलेगा अत्याधुनिक खेल सुविधा का लाभ
दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें विश्वस्तरीय मंच देने के उद्देश्य से दुर्ग शहर में खेल सुविधाओं का विस्तार किया गया है। रविशंकर स्टेडियम के समीप 144.78 लाख रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का गुरुवार को लोकार्पण हुआ। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने फीता काटकर इस नई खेल सुविधा को जनता और खिलाड़ियों को समर्पित किया।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय मंच
लोकार्पण समारोह के दौरान शिक्षा मंत्री यादव ने कहा कि यह अत्याधुनिक कोर्ट जिले के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहां विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धाओं की तैयारी के लिए उपयुक्त वातावरण मिलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस पहल से जिले में खेल के प्रति नई ऊर्जा का संचार होगा। इस कोर्ट की सबसे बड़ी खासियत यह है कि अब खिलाड़ी यहां रात्रिकालीन अभ्यास भी कर सकेंगे, जिससे उनकी ट्रेनिंग में कोई बाधा नहीं आएगी। यह सुविधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
कोर्ट पर उतरे मंत्री और कलेक्टर, लगाए शॉट
औपचारिक उद्घाटन के बाद नजारा कुछ अलग ही देखने को मिला। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और कलेक्टर अभिजीत सिंह ने स्वयं रैकेट थामकर कोर्ट पर हाथ आजमाया। दोनों ने बैडमिंटन खेलकर कोर्ट की उन्नत तकनीकी सुविधाओं और फ्लोरिंग की गुणवत्ता को परखा। वहां मौजूद खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, सभापति श्याम शर्मा, एमआईसी सदस्य शशि द्वारिका साहू, महेंद्र लोढ़ा, पार्षद संजय अग्रवाल, मनोज सोनी, कुलेश्वर साहू सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।











