Search
Close this search box.
Search
Close this search box.

गृहमंत्री का पुतला दहन पड़ा भारी! उतई में मासूम से दुष्कर्म का विरोध कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित 9 नेता गिरफ्तार

Congress District President Rakesh Thakur Arrested

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

दुर्ग (ओमदर्पण न्यूज़)।

थाना क्षेत्र के मिनी माता चौक में पांच वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और क्षेत्र में बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में किया गया प्रदर्शन अब राजनीतिक और कानूनी रूप ले चुका है। गृहमंत्री विजय शर्मा के पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान हुए हादसे के मामले में पुलिस ने रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित 9 कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, राजनीतिक माहौल गरमाता देख पुलिस ने कुछ ही समय बाद सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया।

क्या है पूरा मामला?

विगत दिनों उतई क्षेत्र में मासूम से दुष्कर्म के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ता उग्र प्रदर्शन करते हुए गृहमंत्री का पुतला दहन कर रहे थे। इस दौरान सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस आरक्षक गिरधर मंडावी ने जलते हुए पुतले को छीनने का प्रयास किया, जिससे उसका हाथ झुलस गया। घायल आरक्षक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) एवं 221 के तहत मामला दर्ज किया था।

पूछताछ के बहाने बुलाया, फिर कर लिया गिरफ्तार

इसी मामले की जांच के नाम पर पुलिस ने रविवार को कांग्रेस नेताओं को नोटिस देकर थाना उतई बुलाया था। थाने पहुंचते ही पुलिस ने जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर के साथ पूर्व पार्षद प्रहलाद वर्मा, नेता प्रतिपक्ष द्वारिका साहू, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष डिकेंद्र हिरवानी, गुलशन शर्मा, जिला सचिव लोचन यादव, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र बंजारे, सत्यप्रकाश कौशिक और दिवाकर गायकवाड़ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी नाराजगी फैल गई। मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस ने सभी को मुचलके पर रिहा कर दिया।

दुष्कर्म का आरोपी अवैध शराब कारोबार से जुड़ा: राकेश ठाकुर

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने गिरफ्तारी के बाद कहा कि यह पूरा आंदोलन बच्ची से दुष्कर्म और क्षेत्र में बढ़ती अवैध शराब बिक्री के विरोध में था। उन्होंने आरोप लगाया कि दुष्कर्म का आरोपी भी अवैध शराब कारोबार से जुड़ा हुआ था। उतई थाना क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

‘भाजपा सरकार के इशारे पर कार्रवाई’

राकेश ठाकुर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुतला दहन की पूर्व सूचना पुलिस को दी गई थी। जब भाजपाइयों द्वारा विपक्षी नेताओं का पुतला जलाया जाता है, तब पुलिस मूकदर्शक बनी रहती है। इस बार गृहमंत्री का पुतला बचाने के लिए पुलिस ने खुद हादसा करवाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पुलिस अधिकारी गृहमंत्री से इनाम पाने के लिए आरक्षक पर राजनीतिक दबाव बनाकर यह अपराध दर्ज करा रहे हैं।

भूपेश बघेल के वीडियो मामले को लेकर दी चेतावनी

राकेश ठाकुर ने हाल ही में सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की छवि धूमिल करने वाले आपत्तिजनक वीडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महिला आयोग के हस्तक्षेप और कांग्रेस के दबाव के बाद भिलाई नगर थाने में भाजपा आईटी सेल से जुड़े लोगों पर मामला दर्ज हुआ था। उस मामले को दबाने के लिए ही पुलिस कांग्रेसियों पर यह कार्रवाई कर रही है। राकेश ठाकुर ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भाजपा आईटी सेल के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो कांग्रेस पूरे जिले में उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

780 जिलों में एक साथ बगावत का बिगुल! जानिए गौ-सम्मान के इस 5-चरणीय 'महा-प्लान' ने देश भर में क्यों मचाई है खलबली?
780 जिलों में एक साथ बगावत का बिगुल! जानिए गौ-सम्मान के इस 5-चरणीय 'महा-प्लान' ने देश भर में क्यों मचाई है खलबली?
previous arrow
next arrow