आध्यात्म और तकनीक का संगम : अनूप जलोटा ने मुंबई में लॉन्च किया ‘भक्तिद्वार’ ऐप, ₹11 में मिलेगा सुकून
OM Darpan
पद्मश्री अनूप जलोटा ने किया लोगो का अनावरण, दिनेश असोपा की 10 साल की मेहनत लाई रंग
✍️ विशेष संवाददाता
मुंबई | मुंबई में भक्ति और आधुनिक तकनीक के मेल से तैयार ‘भक्तिद्वार टेलीविजन ऐप’ का भव्य शुभारंभ हुआ है। पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा ने इस ऐप को लॉन्च करने के साथ इसके लोगो का अनावरण भी किया। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म को आध्यात्म और शांति से जुड़ने का एक नया माध्यम माना जा रहा है, जो डिजिटल दुनिया में सनातन संस्कृति को मजबूती से पेश करेगा।
मानसिक तनाव के बीच भक्ति बनेगा सुकून का द्वार
भजन गायक अनूप जलोटा ने इस पहल को भक्ति, आनंद और शांति का द्वार बताया। उनके अनुसार, आज के दौर में जब लोग भारी तनाव और मानसिक दबाव का सामना कर रहे हैं, ऐसे में भगवान का स्मरण और भजन मन को सच्ची शांति देने में सक्षम हैं। वर्तमान पीढ़ी भी आध्यात्मिक सामग्री और भक्ति संगीत को पसंद कर रही है। सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाला यह प्लेटफॉर्म तनावपूर्ण जीवन में लोगों को सुकून प्रदान करने के उद्देश्य से लाया गया है।
एक दशक की मेहनत और ₹11 में सब्सक्रिप्शन
संस्थापक दिनेश असोपा ने करीब एक दशक की कड़ी मेहनत के बाद इस प्लेटफॉर्म को धरातल पर उतारा है। इसका मुख्य उद्देश्य एक ऐसा मंच तैयार करना है जहां भक्ति, आध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ी सामग्री जैसे धार्मिक सीरीज, भजन, मंत्र, चालीसा, प्रवचन और एआई आधारित वीडियो एक ही स्थान पर मिल सकें। इस पर धार्मिक आयोजनों का लाइव प्रसारण भी देखा जा सकेगा। प्लेटफॉर्म की पहुंच बढ़ाने के लिए इसका साप्ताहिक सब्सक्रिप्शन शुल्क मात्र ₹11 तय किया गया है।
जरूरी खबरें
विज्ञापन