तापसी पन्नू: अभिनय और बेबाक बयानों की धाकड़ अभिनेत्री
OM Darpan
Aug 01, 2024 11:45 am
251 views
01 Aug 2024
तापसी पन्नू, जिनका जन्म 1 अगस्त 1987 को दिल्ली के एक सिख परिवार में हुआ, ने अपनी मेहनत और लगन से भारतीय सिनेमा में खास मुकाम हासिल किया है। उन्होंने तमिल, तेलुगू और हिंदी फिल्मों में अभिनय किया है और अपने अभिनय से लाखों दिलों पर राज किया है।
तापसी ने अपनी स्कूली शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था और 12वीं में 90% अंक हासिल किए थे। उन्होंने गुरु तेग बहादुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की। लेकिन ग्रैजुएशन के बाद उनका रुझान मॉडलिंग की ओर हो गया और उन्होंने साल 2008 में चैनल V के टैलेंट हंट शो 'गेट गॉरजस' में हिस्सा लिया, जिसमें वह चुनी भी गईं।
मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर
मॉडलिंग के दौरान तापसी ने कई बड़े ब्रांड्स के लिए काम किया, जैसे रिलायंस ट्रेंड्स, रेड एफएम, कोका-कोला, मोटोरोला, और पैंटालून। इसके बाद उन्होंने 2010 में तेलुगू फिल्म 'झुम्मांदी नादम' से अपना फिल्मी करियर शुरू किया।
तापसी ने 2013 में आई फिल्म 'चश्मे बद्दूर' से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने 'बेबी', 'पिंक', 'नाम शबाना', 'जुड़वा 2', 'मुल्क', 'मनमर्जियां', 'बदला', 'मिशन मंगल', 'थप्पड़', 'हसीन दिलरुबा', और 'रश्मि रॉकेट' जैसी फिल्मों में अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया।
बेबाक राय और विवाद
तापसी पन्नू न सिर्फ अपनी फिल्मों बल्कि बेबाक बयानों के लिए भी जानी जाती हैं। सोशल मीडिया पर वो हर मुद्दे पर खुलकर अपनी राय रखती हैं, चाहे वो कंगना रनौत के साथ उनकी तू-तू-मैं-मैं हो या देश के किसी मुद्दे पर विचार।
तापसी पन्नू के जीवन से जुड़े ये कुछ महत्वपूर्ण तथ्य हैं, जो उन्हें एक बेहतरीन अभिनेत्री के साथ-साथ एक साहसी और बेबाक व्यक्ति भी बनाते हैं।
Tags
जरूरी खबरें
विज्ञापन