दुर्ग (रोहितास सिंह भुवाल)।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘मोर तिरंगा मोर अभिमान’ अभियान के तहत दुर्ग में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। भाजपा जिला कार्यालय में संपन्न इस कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष और राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे गए। कार्यशाला के बाद 17 मंडल अध्यक्षों को तिरंगे भी भेंट किए गए।

अभियान की व्यापक पहुंच पर जोर
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कहा कि प्रदेश द्वारा तैयार कार्यक्रम की रूपरेखा को पूरी तारतम्यता के साथ पूरा करना है। प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न हुई है, अब मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यादव ने कहा कि इस अभियान को दो तरीकों से सफल किया जा सकता है – पहला जन भागीदारी से और दूसरा शासन-प्रशासन के सहयोग से। उन्होंने हर बूथ पर कम से कम 50 तिरंगे फहराने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसे सामूहिक प्रयास से पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि 14 अगस्त को देश विभाजन विभीषिका के रूप में याद किया जाता है, और यह अभियान लोगों को एक साथ लाने तथा राष्ट्रवाद की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
एकता और गौरव का प्रतीक तिरंगा
दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि ‘मोर तिरंगा मोर अभिमान’ कार्यक्रम विगत कुछ वर्षों से मनाया जा रहा है और इसमें आम जनता भी अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर रही है, बस उन्हें प्रेरित करने की आवश्यकता है। कौशिक ने जोर देकर कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने उपस्थित सभी प्रमुख कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे यह चिंतन अवश्य करें कि तिरंगा सही तरीके से फहराया जाए और उसका सम्मान किया जाए। उन्होंने MyGov पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर अभियान में भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया। कौशिक ने क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल के आग्रह पर शक्ति केंद्र स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
विकसित भारत के सपने से जुड़ा अभियान
निवर्तमान जिला अध्यक्ष और कार्यक्रम के संयोजक जितेंद्र वर्मा ने अभियान का नाम ‘मोर तिरंगा मोर अभिमान’ बताया और कार्यकर्ताओं से हर कार्यक्रम के बाद अपनी गतिविधियों को सोशल मीडिया पर अपलोड करने का आग्रह किया। उन्होंने विशेष रूप से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर फोटो अपलोड करने पर जोर दिया। वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के सपने का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान के माध्यम से बच्चे-बच्चे के मन में भी देश प्रेम की भावना जागृत करनी है। उन्होंने कार्यक्रम में किसी भी तरह की कोताही न बरतने की बात कही।
कार्यशाला का संचालन अभियान समिति की जिला सदस्य गायत्री वर्मा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र पाध्ये, विनायक नातू, अरविंदर खुराना सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।






