दुर्ग/पाऊवारा (रोहितास सिंह भुवाल)।
दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत पाऊवारा में स्थित आत्मानंद स्कूल में आखिरकार पढ़ाई शुरू हो गई है। पिछले एक साल से अधिक समय से तैयार यह स्कूल भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार और पूर्व गृहमंत्री छत्तीसगढ़ शासन व क्षेत्र विधायक के प्रयासों से खुला तो था, लेकिन कुछ कारणों से यहां कक्षाएं नहीं लग पा रही थीं। अब पहली से पांचवीं तक के बच्चों ने स्कूल में प्रवेश ले लिया है और पढ़ाई का श्रीगणेश हो गया है।

एक साल बाद पढ़ाई शुरू
यह स्कूल उद्घाटन के बाद से ही बिना कक्षाओं के था। बच्चों का प्रवेश नहीं हुआ था और पढ़ाने के लिए विशेष शिक्षकों की भर्ती भी नहीं हो पाई थी। बताया गया कि इस स्थिति से स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि चिंतित थे, क्योंकि स्कूल होने के बावजूद बच्चों की पढ़ाई अटकी हुई थी।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का प्रयास रंग लाया
जनपद सदस्य और दुर्ग जनपद के उपाध्यक्ष राकेश हिरवानी, स्कूल प्राचार्य और शिक्षकों ने पंचायत व आसपास के ग्रामीणजनों के साथ मिलकर शासन-प्रशासन को पत्र लिखकर आत्मानंद स्कूल में जल्द पढ़ाई शुरू करवाने की मांग की थी। उनके लगातार प्रयासों के फलस्वरूप इस सत्र से ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए।
बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत
ऑनलाइन आवेदन के बाद कक्षा पहली से पांचवीं तक पढ़ाई करने वाले बच्चों के प्रवेश हुए। स्कूल प्रारंभ होने के पहले दिन नवप्रवेशी बच्चे अपने पालकों के साथ स्कूल पहुंचे। इन बच्चों का गणमान्य अतिथियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक तिलक लगाकर और चॉकलेट देकर स्वागत किया। सभी ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।









