-
अबूझमाड़ के सुदूर वनांचल ओरछा की लाभार्थी ने कहा- यह सिर्फ मकान नहीं, आत्मसम्मान की दीवार है
ओरछा।
प्रधानमंत्री आवास योजना ने देश के सुदूर वनांचल क्षेत्रों में रह रहे जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्र माने जाने वाले अबूझमाड़ के ओरछा विकासखंड में पीएम जनमन आवास योजना के तहत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) के परिवारों को पक्के आवास की सौगात मिल रही है। ग्राम कोहकामेटा की निवासी मोड्डे बाई अब अपने परिवार के साथ पक्के मकान में सुरक्षित जीवन व्यतीत कर रही हैं।
मजदूरी कर चलता था परिवार, बारिश में होती थी परेशानी
विकासखंड ओरछा के ग्राम कोहकामेटा निवासी मोड्डे बाई (पति- मसिया) का जीवन पहले काफी संघर्षपूर्ण था। परिवार का भरण-पोषण मजदूरी से होता था। आर्थिक तंगी के कारण वे एक कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर थीं। मौसम की मार, विशेषकर बारिश और ठंड में उनका जीवन अत्यंत कठिन हो जाता था। पक्का मकान बनाना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं था।
खाते में आए 2 लाख, खुद भी किया निर्माण में सहयोग
योजना की जानकारी मिलने के बाद मोड्डे बाई ने आवेदन किया। प्रशासन द्वारा सर्वेक्षण के उपरांत पात्रता के आधार पर उनके खाते में मकान निर्माण के लिए 2 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। अपने घर के सपने को जल्द पूरा करने के लिए मोड्डे बाई ने निर्माण कार्य में खुद भी श्रमदान किया। जनपद पंचायत ओरछा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और ब्लॉक समन्वयक की देखरेख में यह आवास समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया गया।
पीवीटीजी परिवारों को मिल रही बुनियादी सुविधाएं
पीएम जनमन आवास योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) को तीन साल के भीतर बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना है। योजना के तहत न केवल पक्का घर, बल्कि स्वच्छ पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं। इसके अलावा, हितग्राहियों को मनरेगा के तहत रोजगार भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि वे आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें।
‘योजना ने दिया खोया हुआ सम्मान’
अपने नए घर में शिफ्ट होने के बाद भावुक मोड्डे बाई ने कहा, “यह सिर्फ एक मकान नहीं, मेरे सपनों और आत्मसम्मान की दीवार है। इस घर ने मुझे वह सम्मान दिया है, जो मुझे जीवन में कभी नहीं मिला।” उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।









