- सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद युवती को बनाया शिकार, आरोपी सलाखों के पीछे
कांकेर।
सोशल मीडिया की दोस्ती कितनी खतरनाक हो सकती है, यह जानते-समझते हुए भी लोग इस जाल में फंसते रहते हैं। ऐसा ही एक ताजा मामला कांकेर की 20 वर्षीय युवती से साथ हुआ है. जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद ब्लैकमेलिंग का शिकार होने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक शुभम बंजारे को गिरफ्तार कर लिया है।
करीब तीन-चार महीने पहले कांकेर निवासी युवती की इंस्टाग्राम पर रायपुर के बीरगांव निवासी शुभम बंजारे (19) से जान-पहचान हुई। बातचीत के दौरान युवक ने युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। युवती ने इस घटना की शिकायत कांकेर थाने में की, जिसके बाद थाना प्रभारी मनीष नागर की टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
शातिर आरोपी शुभम बंजारे लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, लेकिन साइबर सेल के प्रभारी निरीक्षक प्रेमप्रकाश अवधिया द्वारा दिए गए लोकेशन अपडेट्स के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रायपुर से आज सुबह 3 बजे हिरासत में ले लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 79 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया और उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईके एलेसेला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीषा ठाकुर रावटे, अनुविभागीय अधिकारी मोहसिन खान के निर्देशन में कांकेर थाना प्रभारी मनीष नागर की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक वेदन सलामे, सउनि सोमेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश सिंह, आरक्षक देवेंद्र मंडावी, आरक्षक दुर्गेश सोनवानी, और आरक्षक राकेश लकड़ा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









