दुर्ग (लोकेश्वर सिंह ठाकुर)।
सुशासन तिहार 2025 के तहत धमधा विकासखंड के ग्राम मुरमुंदा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में क्लस्टर स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में न सिर्फ पुराने आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई, बल्कि नए आवेदन भी स्वीकार किए गए। आज शिविर में कुल 116 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 40 का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। शेष 76 आवेदन लंबित हैं, जिनके शीघ्र निपटारे का आश्वासन दिया गया।

पिछले सुशासन तिहार में आए थे हजारों आवेदन
गौरतलब है कि 20 मई 2025 को हुए पिछले सुशासन तिहार में विभिन्न विभागों से संबंधित 2630 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें सर्वाधिक 1964 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को मिले थे। इसके अतिरिक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग को 140, ऊर्जा विभाग को 83, महिला एवं बाल विकास विभाग को 123, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग को 136, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 45, परिवहन विभाग को 27, श्रम विभाग को 35, स्कूल शिक्षा विभाग को 23, कृषि विभाग को 7 और जल संसाधन विभाग को 8 आवेदन प्राप्त हुए थे। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने अपने विभागों से संबंधित आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण का भरोसा दिलाया।
स्वच्छताग्राही दीदियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान ग्राम की स्वच्छता में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्वच्छताग्राही दीदियों को ‘स्वच्छता कीट’ देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके अथक प्रयासों और सामुदायिक स्वच्छता के प्रति समर्पण का प्रतीक था।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, जिला पंचायत सीईओ बजरंग दुबे, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, धमधा जनपद पंचायत अध्यक्ष लिमन साहू, ग्राम सरपंच पुष्पा परमानंद साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद रहे। सभी ने जिला प्रशासन के इस पहल की सराहना की।









