-
गुजरात के आणंद की रहने वाली थी विधि, चार साल पहले पढ़ाई के लिए गई थी कनाडा; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली।
कनाडा में गुजराती छात्रा की हत्या की घटना ने विदेश में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। नियाग्रा में लूट का विरोध करने पर 22 वर्षीय भारतीय छात्रा विधि कल्पेशकुमार मेघा पर धारदार चाकू से हमला कर दिया गया।
हमले में गंभीर रूप से घायल विधि को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कनाडाई पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
- कनाडा में गुजराती छात्रा की हत्या
- लूट के विरोध पर चाकू से हमला
- विदेश में भारतीयों की सुरक्षा पर चिंता
कनाडा में गुजराती छात्रा की हत्या
गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की रहने वाली विधि कल्पेशकुमार मेघा चार साल पहले पढ़ाई के लिए कनाडा गई थीं। नियाग्रा में वह पढ़ाई के साथ-साथ वर्क परमिट हासिल करने की तैयारी कर रही थीं।
जानकारी के मुताबिक, बीते 15 मई को विधि अपने घर से बाहर जा रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने लूट के इरादे से उन्हें निशाना बनाया।
लूट के विरोध पर चाकू से हमला
बताया जा रहा है कि विधि ने लूट का विरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने उन पर धारदार चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। सार्वजनिक जगह पर हुई इस वारदात से वहां मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।
हमले के बाद विधि बुरी तरह लहूलुहान हो गईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
आरोपी गिरफ्तार, भारतीय समुदाय में चिंता
कनाडाई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद भी विदेश में भारतीयों पर हो रहे हमलों को लेकर चिंता बढ़ गई है।
काम और पढ़ाई के लिए विदेश जाने वाले भारतीय युवाओं पर इस तरह की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। विधि की मौत से परिवार और भारतीय समुदाय में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें: राजनांदगांव पुलिस का बड़ा एक्शन: थाने में शराब पार्टी करते 2 आरक्षक सस्पेंड









