
अम्बिकापुर।
सोनभद्र जिले के हाथीनाला थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सडक़ हादसा हुआ, जिसमें प्रधान आरक्षक रवि मिश्रा, उनके छोटे बेटे अर्थव और मां शीला मिश्रा की जान चली गई। हादसा रविवार की शाम करीब 4 बजे हुआ, जब रवि मिश्रा अपनी पत्नी प्रियंका मिश्रा, बेटे दीपांशु, छोटे बेटे अर्थव, मां शीला मिश्रा, नौकरानी दुर्गा प्रजापति और कार चालक सोनू कादरी के साथ प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए निकले थे।
रविवार की शाम करीब 7 बजे, जब उनकी कार वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर हाथीनाला थाना क्षेत्र के रानीताली के पास पहुंची, तो सामने से तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। यह दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही प्रधान आरक्षक रवि मिश्रा, उनका छोटा बेटा अर्थव, कार चालक सोनू कादरी और नौकरानी दुर्गा प्रजापति की मौत हो गई। हादसे में प्रधान आरक्षक की मां और पत्नी सहित उनका बड़ा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका इलाज शुरू किया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान प्रधान आरक्षक की मां शीला मिश्रा की भी मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे में दो ट्रेलर चालक भी मृत पाए गए थे।
तीन शवों को पोस्टमार्टम के बाद उनके घर अंबिकापुर लाया गया। सोमवार को तीन शवों का अंतिम संस्कार किया गया। तीन अर्थियां एक साथ उठते देख घरवालों की आंखों में आंसू थे। घर से दो मुक्ति रथ पर रवि मिश्रा, उनके बेटे और मां के शव यात्रा निकाले गए। एक रथ पर पिता और बेटे का शव रखा गया, जबकि दूसरे पर मां का शव था। अंतिम संस्कार अंबिकापुर के मुक्तिधाम में किया गया, जहां प्रधान आरक्षक रवि मिश्रा के छोटे भाई सत्यप्रकाश मिश्रा ने मुखाग्नि दी।









